बरेली। बरेली एसटीएफ और कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है अवैध असलहों की तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्कर के पास से 25 देशी तमंचे बरामद किए हैं। कोतवाली पुलिस गिरफ्त में आए तस्कर से पूछताछ में जुट गयी है।बुधवार को एसपी सिटी समीर सौरभ ने खुलासा करते हुए बताया कि एसटीएफ बरेली यूनिट को सूचना मिली थी कि देशी तमंचों की एक बड़ी खेप बदायूं के रास्ते बस से बरेली आने वाली है। जिस पर एसटीएफ ने कोतवाली पुलिस की मदद से बड़े डाकघर के पास बदायूं रोड पर जाल बिछा दिया। बस से उतरते ही मुखबिर ने पुलिस को इशारा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आया मोहर सिंह सुभाषनगर के शांति विहार मोहल्ले का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास 18 तमन्चे 315 बोर और सात तमंचे 12 बोर के कुल 25 तमंचे बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वो ये तमंचे अनिल नाम के व्यक्ति से खरीद कर लाया था। जहां उसको एक तमंचा दो हजार का मिलता है। तमंचा लाने के बाद वो बरेली और उसके आसपास के जिलों में बेच देता है। वो एक तमंचे की कीमत चार से पांच हजार रूपये वसूलता है।