दौसा विधायक ने कुंडल में किया आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन
khaskhabar.com: मंगलवार, 16 अगस्त 2016 7:35 PM (IST)
दौसा। प्रदेश के प्रत्येक खंड में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत दौसा में विधायक शंकर शर्मा ने आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुंडल का उद्घाटन कर की। दौसा विधायक ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नांगल राजावतान का भी आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लिए चयन हुआ है। इन आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सा अधिकारी सहित पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को प्राथमिकता के साथ भरा जाएगा। साथ ही इनकी चारदीवारी का निर्माण कराकर घास, हर्बल, प्लांट एवं फुलवारी लगाकर इन केन्द्रों को वास्तविक रूप से आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। दौसा विधायक ने बताया कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्र में भी चिकित्सा सुविधा मजबूत होगी, साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समय पर ही चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।