Dausa-Gangapur City Rail Track Electrification Complete, Set to Be Completed by March 2026-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा–गंगापुरसिटी रेल ट्रैक विद्युतीकरण 50 प्रतिशत पूरा, मार्च 2026 तक पूर्ण होने की तैयारी

khaskhabar.com: गुरुवार, 20 नवम्बर 2025 5:30 PM (IST)
दौसा–गंगापुरसिटी रेल ट्रैक विद्युतीकरण 50 प्रतिशत पूरा, मार्च 2026 तक पूर्ण होने की तैयारी
लालसोट । पूर्वी राजस्थान में रेल सुविधाओं के विस्तार को नई गति देते हुए दौसा–गंगापुरसिटी रेल ट्रैक का विद्युतीकरण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नवंबर 2024 में शुरू हुई इस महत्वपूर्ण परियोजना का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। रेलवे विभाग ने इसे मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रेलवे के सीपीआरआई शशि किरण ने बताया कि लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यावरण दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। विद्युतीकरण के बाद डीजल इंजनों की जगह इलेक्ट्रिक इंजनों से ट्रेनों का संचालन शुरू होगा, जिससे यात्रा समय में कमी, ईंधन की बचत और कार्बन उत्सर्जन लगभग नगण्य रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि इससे रेलवे राजस्व में बड़ी बचत होगी और पर्यावरणीय प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने इस मार्ग पर नई रेल सेवाओं के संचालन की संभावनाओं पर भी काम शुरू किया है। विद्युतीकरण पूर्ण होने पर दौसा, सवाई माधोपुर, कोटा, जयपुर, भरतपुर, दिल्ली और आगरा के बीच ट्रेनों की गति 120 किमी प्रति घंटा तक बढ़ाई जा सकेगी, जिससे यात्रा और अधिक तेज व समयबद्ध होगी।
परियोजना में एक आधुनिक गुड्स शेड के निर्माण का प्रावधान भी शामिल है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। मालगाड़ियों की रफ्तार बढ़ने से उद्योगों को समय पर सामग्री की आपूर्ति संभव हो सकेगी। डिडवाना में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन बनाया जा रहा है, जो रेलवे को राज्य बिजली बोर्ड से स्थायी ऊर्जा सप्लाई प्रदान करेगा।
इधर स्टेशन मास्टर कैलाश मीणा ने बताया कि दौसा से सलेमपुरा तक ट्रैक का पूरी तरह विद्युतीकरण हो गया है तथा तार खींच दिए गए हैं। वहीं गंगापुर सिटी तक बिजली के खंभों की स्थापना पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्य तेज गति से जारी है और जल्द ही अगला चरण भी पूरा कर लिया जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना को क्षेत्र की लंबे समय से लंबित आवश्यकता बताते हुए कहा कि इसके पूर्ण होने पर रेल सेवाओं में व्यापक सुधार होगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य तेजी से प्रगति पर है।
वहीं सीनियर डीसीएम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में आवश्यकता होने और प्रस्ताव आने पर गुड्स शेड के संबंध में विचार किया जाएगा। वर्तमान में बनियान स्टेशन पर गुड्स शेड पहले से संचालित है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement