khaskhabar.com: गुरुवार, 05 जनवरी 2017 1:36 PM (IST)
आगरा। चुनाव की घोषणा के साथ ही आगरा में आचार संहिता और धारा 144 लागू कर दी गई है। सार्वजनिक स्थान पर एक साथ पांच लोगों के खड़े होने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से लेकर पोस्टर और बैनर लगाने के लिए अनुमति लेनी होगी। सिटी मजिस्ट्रेट संदीप गुप्ता ने आदेश जारी कर दिए हैं। चार जनवरी से चार अप्रैल 2017 तक धारा 144 लागू रहेगी। इसका उल्लंघन करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उप्र विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन कलक्ट्रेट में होगा। प्रत्याशियों को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।कमिश्नरी में हुई बैठक के बाद डीएम गौरव दयाल और एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह कलक्ट्रेट पहुंचे। विस चुनाव के लिए नामांकन कलक्ट्रेट में ही कराने का निर्णय लिया गया। आगरा में सीआरपीएफ की महिला जवान और पुलिस कर्मियों ने कई क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।