Congress political attack on BJP: Will march on foot from Shaheed Smarak to Raj Bhavan on Wednesday-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कांग्रेस का भाजपा पर सियासी हमलाः शहीद स्मारक से राजभवन तक बुधवार को करेंगे पैदल मार्च

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 दिसम्बर 2024 7:00 PM (IST)
कांग्रेस का भाजपा पर सियासी हमलाः शहीद स्मारक से राजभवन तक बुधवार को करेंगे पैदल मार्च
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में आज कांग्रेस पदाधिकारियों की एक अहम बैठक हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी की आगामी रणनीति, संविधान रक्षक अभियान और भाजपा सरकार की नीतियों पर चर्चा हुई। डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में राजस्थान दौरे के दौरान किए गए भाषण को तथ्यों से परे बताया। उन्होंने कहा कि नर्मदा का पानी हनुमानगढ़ और चूरू जिलों तक पहुंचाने की बात करना गलत है, क्योंकि नर्मदा का पानी केवल जालौर और आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध है। उन्होंने ईआरसीपी (ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट) को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने के प्रधानमंत्री के वादे को भी जुमला बताया। साथ ही, उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भाजपा सरकार को घेरा, यह कहते हुए कि हरियाणा की तुलना में राजस्थान में पेट्रोल-डीजल 11 रुपये महंगा है, जबकि इसे समान करने का वादा किया गया था।
डोटासरा ने भाजपा पर पेपर लीक और नौकरियों की कमी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती का ढोंग कर रही है, जबकि वास्तविक भर्तियां नहीं हो रही हैं।
कांग्रेस महासचिव और मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि 18 दिसम्बर को कांग्रेस पार्टी शहीद स्मारक से राजभवन तक पैदल मार्च निकालेगी। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस, उद्योगपति अडानी पर अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच और मणिपुर हिंसा पर भाजपा की चुप्पी के खिलाफ आवाज उठाएगी।
कांग्रेस ने संसद की कार्यवाही बाधित करने और जनता को भ्रमित करने के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करने का प्रयास करेंगे। - खासखबर नेटवर्क

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement