मेवात। नूंह। गाय इन दिनों पूरी तरह चर्चा में है और संसद से सड़क तक, हर तरफ गाय के नाम पर राजनीति हो रही है। दूसरी ओर गायों को पालने वाले भी डरे हुए हुए हैं। कई जगह तो लोगों को गायों को चराकर लाने में भी खतरा महसूस होने लगा है। चारों तरफ अलवर के बहरोड़ में पहलू खान की मौत का खौफ देखने को मिल रहा है। झिमरावट गांव में गौपालक तो गायों के पेयजल को लेकर चिंता में डूबे हुए हैं। बिजली किल्लत के चलते गाय पालने वाले किसानों को टयूबवैल चलाने में खासी दिक्कत होती है। गर्मी का सीजन आ चुका है। सैकड़ों गाय एक ही परिवार और गांव में होने की वजह से पीने के पानी का मामला पूरी तरह ट्यूबवैल पर आधारित हैं। तालाब और नहर इस इलाके में सूखे हुए हैं। ट्यूबवैल के लिए भी बिजली नहीं आती है। लोग खरीदकर पानी पीने को और पिलाने को मजबूर हैं। कई कई दिन तक बिजली नहीं आने के कारण गौपालक खासे चिंता में डूबे हुए हैं।