Collector gave assurance to farmer organizations, also gave strict instructions to stop canal theft-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कलेक्टर ने किसान संगठनों को दिया आश्वासन, नहर चोरी रोकने के भी सख्त निर्देश

khaskhabar.com: मंगलवार, 24 जून 2025 9:58 PM (IST)
कलेक्टर ने किसान संगठनों को दिया आश्वासन, नहर चोरी रोकने के भी सख्त निर्देश
श्रीगंगानगर। गंगनहर में निर्धारित 2500 क्यूसेक पानी उपलब्ध कराने, नहर में पानी चोरी रोकने और फिरोजपुर फीडर निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन और किसान संगठनों के बीच कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने को लेकर पूरी तरह गंभीर और सक्रिय है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही किसानों को पर्याप्त मात्रा में सिंचाई पानी उपलब्ध होगा। बैठक में जिला प्रशासन ने बताया कि प्रदेश सरकार गंगनहर में पानी की मात्रा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। वर्तमान में पंजाब सरकार के साथ समन्वय कर गंगनहर में और अधिक पानी लाने के लिए किसान प्रतिनिधि और सिंचाई विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से दौरा करेंगे। पानी चोरी की रोकथाम के मुद्दे पर जिला कलेक्टर ने कहा कि सिंचाई विभाग के साथ-साथ पुलिस बल भी गंगनहर की निगरानी करेगा। क्षेत्र में नहरों से अवैध रूप से पानी लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि ईमानदार किसानों के हक का पानी सुरक्षित रह सके।
फिरोजपुर फीडर निर्माण कार्य पर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता (हनुमानगढ़) प्रदीप रुस्तगी ने बताया कि इस फीडर का निर्माण पंजाब सरकार द्वारा किया जाना है। कार्यवाही प्रगति पर है। निर्माण के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किसानों को सिंचाई जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे खेती प्रभावित न हो।
फसल बीमा योजना के भुगतान पर भी हुई चर्चा
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लंबित दावों के भुगतान पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने बताया कि डीजीआरसी की हाल ही में हुई बैठक में बीमा कम्पनी को 15 दिन के भीतर भुगतान के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके लिए कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को नियमित फॉलोअप करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा
वार्ता के दौरान सांसद कुलदीप इंदौरा, श्रीकरणपुर विधायक रुपिंदर कुन्नर, विधायक डूंगरराम गेदर, रायसिंहनगर विधायक सोहन नायक, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव यादव, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़, सोना देवी बावरी, महेंद्र सिंह बराड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी किसानों की समस्याओं पर अपनी बात रखी।
किसान संगठनों ने गंगनहर में तय मात्रा में पानी की आपूर्ति, नहरों से पानी चोरी पर सख्त नियंत्रण, फिरोजपुर फीडर का शीघ्र निर्माण और फसल बीमा भुगतान जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। किसानों को हर संभव राहत देने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement