Advertisement
वाराणसी में मां अन्नपूर्णा की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की प्राण-प्रतिष्ठा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार के मंदिर में मूर्ति की पुनस्र्थापना की। बतौर यजमान योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ धाम प्रांगण में कनाडा से भारत वापस लाई गई माता अन्नपूर्णा देवी की प्रतिमा की पुनस्र्थापना की। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार रात वाराणसी आ गए थे। इसका विधान श्रीकाशी विद्वत परिषद के निर्देशन में काशी विश्वनाथ मंदिर का 11 सदस्यीय अर्चक दल ने सुबह पांच बजे शुरू कर दिया था। मुख्य अनुष्ठान में खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यजमान बने। प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाभोग अर्पित कर महाआरती की गई। इसके बाद प्रसाद भी वितरित किया गया। कोई गुलाब की पंखुड़ियां तो कोई माला लेकर दौड़ा।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए रविवार को भक्तों की भीड़ अचानक बढ़ गयी थी। गोदौलिया प्रवेश द्वार से गर्भगृह तक कई लाइन लगी थी। ऐसी भीड़ विशेष अवसरों व त्योहारों के समय दिखती है। वहीं, क्षेत्र के दुकानदारों का कहना है कि बाहर के भक्त अधिक थे।
दिल्ली से 11 नवंबर को रवाना होने के बाद काशी पहुंचने के दौरान मां की प्रतिमा अलीगढ़, लखनऊ, अयोध्या, जौनपुर समेत यूपी के 18 जिलों से गुजरी। दिल्ली से काशी आई माता की प्रतिमा का सोमवार को नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा, डमरू दल, घंटा घड़ियाल बजाकर माता की रास्ते भर आरती उतारी गई।
बलुआ पत्थर से बनी मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा 18वीं सदी की बताई जाती है। मां एक हाथ में खीर का कटोरा और दूसरे हाथ में चम्मच लिए हुए हैं। प्राचीन प्रतिमा कनाडा कैसे पहुंची, यह राज आज भी बरकरार है। लोगों का कहना है कि दुर्लभ और ऐतिहासिक सामग्रियों की तस्करी करने वालों ने प्रतिमा को कनाडा ले जाकर बेच दिया था। काशी के बुजुर्ग विद्वानों को भी मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा के गायब होने की जानकारी नहीं है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
वाराणसी
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


