मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान - राज्यस्तरीय कार्यशाला संपन्न
khaskhabar.com: मंगलवार, 17 जनवरी 2017 8:03 PM (IST)
बांसवाड़ा। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के दूसरे चरण में होने वाले जल संरक्षण कायों में गुणवत्ता और निश्चित मापदण्डों को सुनिश्चित करने के लिए आठ जिलों के जिला कलक्टर और तकनीकी अधिकारियों की राज्यस्तरीय कार्यशाला बांसवाडा में संपन्न हो गई। कार्यशाला में उदयपुर, डूंगरपुर, जालोर, सिरोही, बांसवाड़ा, पाली, प्रतापगढ़ और राजसमंद के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में अधीक्षण अभियंता जलग्रहण विकास दीपक श्रीवास्तव ने बांसवाड़ा में एमजेएसए के तहत कराए गए जल स्वावलंबन कार्यों और द्वितीय चरण की प्रस्तावित कार्ययोजना के सफर को प्रोजेक्टर के माध्यम से परदे पर उतारा। श्रीवास्तव ने बांसवाड़ा की जीवन रेखा माही बांध के मनोरम दृश्य के साथ औरों के लिए प्रेरणा बनने वाले एमजेएसए कार्यों की सफलता की कहानी शुरू की और उसके बाद जब एक-एककर स्लाइड पर सभी 11 ब्लाॅक में जल स्वावलंबन से आई जल क्रांति को संभागीय अधिकारियों के सामने रखा तो सिटी आॅंफ हण्रेड आइलैंड वाले बांसवाड़ा की हरी-भरी तस्वीर नजरों से होकर दिल तक उतर गई। पावर पोइन्ट प्रजेन्टेशन में रिवर बेसिन और वाटर रिसोर्सेंस अथोरिटी के तकनीकी विशेषज्ञ राकेश रेड्डी ने एमजेएसए के उद्देश्यों को खाका खींचा, वहीं पहले चरण के कार्यों के बाद प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भूमिगत जलस्तर में हुई वृद्धि के साक्ष्य तस्वीरों के जरिए दिखाए। राज्यस्तरीय कार्यशाला में उदयपुर, डूंगरपुर, सिरोही, जालौर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, पाली और राजसमंद के प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञों को दूसरे सत्र में छोटी सरवन पंचायत समिति के घोड़ी तेजपुर इलाके के उन स्थानों पर ले जाया गया। जहां पहले चरण में उल्लेखनीय कार्य हुए। इस दौरान इलाके में भूमिगत जलस्तर में हुई बढ़ोतरी को लेकर सभी ने संतोष जताया। यहां रिवर बेसिन के तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में एमपीटी और सीसीटी निर्माण का डेमोस्ट्रेशन दिया गया। मशीनों और मानव श्रम दोनों की ओर से कराए जाने वाले कार्यों की तकनीकी और सैद्धान्तिक जानकारियां ली। मौके पर शंकाओं के समाधान का सत्र भी चला। कार्यशाला में उदयपुर कलक्टर रोहित गुप्ता, डूंगरपुर कलक्टर सुरेन्द्र कुमार सोलंकी, जालोर कलक्टर अनिल गुप्ता, सिरोही कलक्टर अभिमन्यु कुमार, बांसवाड़ा कार्यवाहक कलक्टर परशुराम धानका, बांसवाड़ा उपखण्ड अधिकारी भारती दीक्षित, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के उपनिदेशक (जनसंपर्क) अरूण जोशी सहित चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, जालौर, पाली एवं सिरोही के उप वन संरक्षक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जलग्रहण व पंचायती राज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।