ऊना/शिमला। ऊना का तीन दिवसीय हरोली उत्सव आज भव्य पंजाबी संस्कृति के लोक नृत्य गिद्दे के साथ आरम्भ हुआ। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस अवसर पर मुख्य अतिथि थे। हरोली विधानसभा के बढेरा मैदान में हरोली क्षेत्र की 5000 से अधिक ग्रामीण महिलाओं ने एकत्रित होकर सामूहिक गिद्दे की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने इस भव्य मेगा लोक नृत्य कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी विविध संस्कृति तथा रीति-रिवाजों के लिए जाना जाता है तथा हर क्षेत्र की अपनी संस्कृति होती है जो हिमाचली होने के साथ-साथ उस क्षेत्र के लोगों की पहचान भी दर्शाती है। यह प्रथम अवसर है जब स्वां वुमैन फैडरेशन द्वारा आयोजित भव्य पंजाबी लोकनृत्य में सामूहिक रूप से इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने जिले की संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाग लिया।