Chhattisgarh: 120.960 kg of Ganja Seized, Hidden Among Sacks of Rice; Two Smugglers Arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

छत्तीसगढ़: चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 120.960 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

khaskhabar.com: मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 10:45 PM (IST)
छत्तीसगढ़: चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 120.960 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर वाहन में चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 120.960 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 60.48 लाख रुपए बताई गई है, जबकि कंटेनर और अन्य सामान सहित कुल जब्ती एक करोड़ रुपए से अधिक की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद से जारी जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सरायपाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में वाहन सवारों ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के निवासी अमनदीप (27) और लल्लू यादव (24) के रूप में बताई। कंटेनर में चावल की बोरियां लदी होने की जानकारी दी गई, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान करीब 300 चावल की बोरियों के बीच चार बोरियों में छिपाकर रखे गए 117 पैकेट बरामद किए गए। जांच में 120.960 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 48 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा लगभग 30 लाख रुपए मूल्य का कंटेनर वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल मिलाकर एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
इस मामले में सरायपाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक' की जांच जारी है। गांजे की सप्लाई चेन, स्रोत, गंतव्य और वित्तीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। एएनटीएफ और सरायपाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement