कैप्टन अयूब की याद को चिर स्थाई बनाने के लिए अभियान
khaskhabar.com: मंगलवार, 11 अक्टूबर 2016 10:05 AM (IST)
झुंझुनूं। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सेना में इंडियन अयूब के नाम से पहचान बनाने वाले झुंझुनूं से दो बार सांसद रहे कैप्टन अयूब खान की याद को चिर स्थाई बनाने के लिए मुहिम शुरू हो गई है। गंगलवार से सर्वसमाज के बैनर तले इस मुहिम का आगाज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा रक्षा मंत्री को मांग पत्र भेजकर किया गया। जिसमें झुंझुनूं में खुलने वाले सैनिक स्कूल का नाम कैप्टन अयूब खान के नाम से कराने की मांग राज्य सरकार की गई। कैप्टन अयूब ने 1965 की लड़ाई में जो पाकिस्तानी पैटन टैंक तोड़े थे, उन्हें झुंझुनूं के शहीद स्मारक में बतौर याद रखवाने की मांग की। यह मांग पत्र जिला परिषद सदस्य डॉ. प्रवीण कुमार के नेतृत्व में दिया गया। डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि इस मांग को लेकर एक अभियान चलाया जाएगा और मांग को लेकर हर स्तर पर मजबूती के साथ पक्ष रखा जाएगा। आपको बता दें कि सोमवार को सर्व समाज की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान यह निर्णय किया गया था।