जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा है कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इस दान से न सिर्फ किसी का जीवन बचाने की खुशी मिलती है बल्कि यह स्वयं के स्वास्थ्य के लिये भी अच्छा है। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की पत्नियों द्वारा ‘वी कैन गिव दैम होप’ के तहत प्रशासनिक अधिकारियों एवं उनकी पत्नियों द्वारा स्वयं रक्तदान करने एवं चिकित्सालयों में टायज बैंक व वार्ड को गोद लेने जैसी कार्य करने की अभिनव पहल को सराहनीय बताया है। राठौड़ रविवार को राजकीय जयपुरिया चिकित्सालय में भारतीय प्रशासनिक एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की पत्नियों द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर कार्यक्रम के दौरान अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गर्व की बात है कि एक ओर जहां देश की सबसे बड़ी भारतीय प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं में पति अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं तो वहीं उनकी पत्नियां रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास अन्य अधिकारियों के परिजनों के साथ ही आम लोगों के लिये प्रेरणादायी साबित होंगे। चिकित्सा मंत्री की मौजूदगी में नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमन्त गेरा और मनीष चौधरी ने सर्वप्रथम रक्तदान किया। जिला कलेक्टर सिद्धार्थ महाजन ने स्वयं रक्तदान करने के साथ ही अन्य लोगों को रक्तदान के लिये प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर में प्रमुख शासन सचिव स्थानीय निकाय डा. मंजीत सिंह, विशेषाधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय के के पाठक, मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन, निदेशक बाल अधिकारिता डा. समित शर्मा, पुलिस उपायुक्त कुवर राष्ट्रदीप और मनीष अग्रवाल सहित वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारीगण ने भाग लिया।