जयपुर। राज्य में भाजपा सरकार के लगभग तीन वर्ष पूर्ण होने पर भी मदरसा पैराटीचर्स को नियमित नहीं किया जाना उनके साथ धोखा है। भाजपा ने चुनाव से पूर्व अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि एनआरएचएम, चिकित्साकर्मी, विद्यार्थी मित्र, शिक्षाकर्मियों के साथ ही मदरसा पैराटीचर्स को शामिल कर राज्य सेवा में नियमित किया जाएगा। मदरसा पैराटीचर्स के अलावा अन्य वर्गों के अभ्यर्थियों के नियमतीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है, किंतु आज तक मदरसा पैराटीचर्स को नियमित करने के लिए न तो कोई कदम उठाया गया है और न ही कोई आश्वासन दिया गया है, जो शिक्षा क्षेत्र में लगे मदरसा पैराटीचर्स के हितों पर कुठाराघात है। ये विचार पायलट ने मदरसा पैराटीचर्स के प्रतिनिधिमंडल से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मुलाकात के दौरान व्यक्त किए।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दानिश अबरार के नेतृत्व में मदरसा पैराटीचर्स का एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट से मिलकर अपनी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से मदरसा टीचर्स के तबादलों पर अघोषित रोक लगी हुई है, मानदेय का भी नियमित रूप से भुगतान नहीं किया जाता है। प्रतिनिधिमंडल में जुल्फिकार खान, मसरूफ अहमद, आसिफ अली, उजेर खान, अशफाक खान सहित अनेक मदरसा पैराटीचर्स शामिल थे।