BJP core group meeting discussed organization and government, Manohar Lal shared plans-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:24 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीजेपी कोर ग्रुप बैठक में संगठन और सरकार पर हुई चर्चा, मनोहर लाल ने साझा की योजनाएं

khaskhabar.com: बुधवार, 20 नवम्बर 2024 3:49 PM (IST)
बीजेपी कोर ग्रुप बैठक में संगठन और सरकार पर हुई चर्चा, मनोहर लाल ने साझा की योजनाएं
पंचकूला। पंचकूला में हरियाणा बीजेपी कोर ग्रुप और सांसदों की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े तमाम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मनोज लाल ने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, निकाय चुनाव, संगठनात्मक चुनाव और सदस्यता अभियान जैसे मुद्दों पर मंथन हुआ। बैठक में वरिष्ठ नेताओं के बीच आपसी चर्चा के जरिए सुझाव और योजनाएं बनाई गईं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में तीसरी बार बनी सरकार ने अपने फैसलों से जनता और कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा किया है। मुख्यमंत्री और उनकी टीम ने संकल्प पत्र के अधिकांश वादे पूरे किए हैं। महाराष्ट्र और झारखंड के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी की जीत से देशभर में अच्छा माहौल बना है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र और झारखंड में भी बीजेपी-एनडीए की सरकार बनेगी, और कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है।
देशभर में ऊर्जा और शहरी आवास से संबंधित योजनाओं पर चर्चा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रीपेड मीटर योजना के पहले चरण की शुरुआत सरकारी भवनों, कॉलोनियों और कर्मचारियों के घरों से की जाएगी। इसके बाद बड़े लोड के मीटर और फिर आम मीटर को भी प्रीपेड में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बिजली विभाग को लाभ होगा और तकनीकी नुकसान में कमी आएगी।
हरियाणा विधानसभा के नए भवन को लेकर चल रहे विवाद पर मनोहर लाल ने कहा कि इस विषय पर कोई टकराव नहीं है। चंडीगढ़ और यूटी के बीच सहमति से जमीन को लेकर एग्रीमेंट हो चुका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वर्तमान विधानसभा भवन संयुक्त पंजाब के समय की विधान परिषद थी, जो अब छोटा पड़ रहा है। परिसीमन के बाद नई विधानसभा की जरूरत को ध्यान में रखते हुए नया भवन बनाना अनिवार्य हो गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर पंजाब इस तरह का कोई एग्रीमेंट करना चाहे तो हरियाणा को कोई आपत्ति नहीं होगी।
इस बैठक और बयानों ने हरियाणा बीजेपी की आगामी रणनीतियों और विकास योजनाओं को लेकर कई संकेत दिए हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement