हिसार। बरवाला इलाके में एक युवक का धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 1 लाख 51 हजार 400 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। धोखाधड़ी की सूचना मिलने के बाद युवक ने स्थानीय पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। नारनौंद के सौथा गांव निवासी पीड़ित युवक प्रवीण कुमार ने बताया कि 13 अप्रेल को उसने एसबीआई के एटीएम कार्ड से 10 हजार रुपए निकाले थे। इस दौरान वहां एक युवक भी खड़ा था। युवक ने प्रवीण को बातों में उलझाकर उसके एटीएम कार्ड को बदल लिया और पिन कोड भी मालूम कर लिए। युवक ने बताया कि गुरुवार को जब वह एटीएम से राशि निकालने पहुंचा तो उसे धोखाधड़ी होने का पता चला। उसने बैंक खाते में एक लाख 51 हजार 408 रुपए 13 पैसे होने और अब धोखाधड़ी के बाद सिर्फ 8 रुपए 13 पैसे ही रहने को लेकर थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।