जालोर। नगर परिषद में व्याप्त समस्याओं व कानून व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को प्रतिपक्ष नेता मिश्रीमल गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।
नगर परिषद के प्रतिपक्ष नेता मिश्रीमल गहलोत ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। परिषद में सफाई कर्मचारियों की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। नाले-नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी आम रास्तों में बहने से आवागमन बाधित हो रहा है। साधारण सभा में पारित प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक वार्ड में तीन-तीन सफाई कर्मचारी भी नहीं लगे हैं। सीवरेज चैंबरों के ओवरफ्लो होने से पानी आम रास्तों पर फैल रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग भी सही नहीं है। इसके अलावा बदहाल रोड लाइट व्यवस्था, पात्र लोगों को पट्टे नहीं देने, शहर में विकास कार्य नहीं होने, बिगड़ी कानून व्यवस्था, नाले-नालियों की सफाई नहीं होने एवं बिना अनुमति के विभिन्न विभागों की ओर से रोड तोडक़र क्षतिपूर्ति राशि नहीं देने जैसी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन नगर परिषद की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। धरने पर पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल, प्रतिपक्ष नेता मिश्रीमल गहलोत, सुरेंद्र दवे, जिला प्रवक्ता योगेंद्रसिंह कुम्पावत, जिला उपाध्यक्ष सोहनसिंह देवड़ा, जिला महामंत्री शहजाद अली, जिला उपाध्यक्ष नाजिम अली, पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी सवाराम पटेल, रमेश सोलंकी, पार्षद जुबैदा बानो, ममता जीनगर, जिला सचिव सरोज चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे।