लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चली सियासी उठापटक के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व सोमवार को अपने मंत्रिमंडल
का आखिरी विस्तार किया। सरकार के आठवें मंत्रिमंडल विस्तार में अखिलेश ने
कुल 10 लोगों को शपथ दिलाई, जिसमें तीन ब्राह्मण चेहरे शामिल थे, जबकि
बर्खास्त किए गए गायत्री प्रसाद प्रजापति की कैबिनेट में वापसी कराई। इसी
के साथ पिछले दिनों हटाए गए मनोज कुमार पांडेय और शिवकांत ओझा को भी दोबारा
मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया।
इसके अलावा शंखलाल मांझी, रियाज अहमद,
यासिर शाह, अभिषेक मिश्रा, जियादुद्दीन रिजवी, रविदास मेहरोत्रा और नरेंद्र
वर्मा को शामिल किया गया है, जबकि खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री पप्पू निषाद
को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया गया। आठवें विस्तार में रविदास
मेहरोत्रा, यासर शाह, अभिषेक मिश्रा, नरेंद्र वर्मा, शंखलाल मांझी और हाजी
रियाज अहमद को प्रमोट कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। शपथ ग्रहण समारोह
में समाजवादी पार्टी चीफ मुलायम सिंह यादव और राज्यसभा सांसद शिवपाल यादव
भी मौजूद थे।