धौलपुर। जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र की बामनी नदी के पास चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के प्रबन्धक के साथ शुक्रवार रात को लूट की वारदात को अंजाम दिया है। वारदात से इलाके में सनसनी फैली हुई है। बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय शाखा के प्रबन्धक राजेश मित्तल ने बताया कि वह जारगा बैंक में तैनात हैं और बैंक से शाम करीब 7.45 बजे बाड़ी के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में बाड़ी-बसेड़ी मार्ग पर बामनी नदी पर घात लगाए बैठे चार हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उन पर कट्टों के बटों और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में प्रबन्धक घायल हो गए। उसके बाद बदमाश 10 हजार से अधिक की नगदी और मैनेजर की बाइक को लेकर फरार हो गए। शाखा प्रबन्धक ने राहगीरों को घटना से अवगत कराया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची कंचनपुर थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कराई लेकिन, पुलिस को सफलता हाथ नहीं लगी। फिलहाल मैनेजर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।