Anurag Seva Sansthan Honors 31 Young People on National Youth Day-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अनुराग सेवा संस्थान ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर 31 युवाओं को किया सम्मानित

khaskhabar.com: सोमवार, 12 जनवरी 2026 5:03 PM (IST)
अनुराग सेवा संस्थान ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर 31 युवाओं को किया सम्मानित
लालसोट। अनुराग सेवा संस्थान, लालसोट के स्थापना के 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 31 वर्ष की आयु के 31 युवाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक दिलीप तन्मय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा, नए विचार और नवाचार के माध्यम से आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति और राजनीतिक स्थिरता में अहम योगदान देते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त व्यवस्था प्रमुख कैलाश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि युवा देश की दशा और दिशा बदलने की क्षमता रखते हैं, लेकिन बेरोजगारी, शिक्षा एवं कौशल की कमी तथा राजनीतिक उदासीनता जैसी चुनौतियाँ भी मौजूद हैं। उन्होंने युवाओं को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सीबीईओ सत्यनारायण मीणा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अपरिहार्य है। उनकी ऊर्जा और नवाचार को सही दिशा देकर एक सशक्त, समृद्ध और समावेशी भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपने साथ-साथ देश के सपनों को भी साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मदन लाल पारीक ने कहा कि युवा शिक्षा, उद्यमिता, सामुदायिक सेवा और सक्रिय नागरिकता के माध्यम से राष्ट्र को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को उचित अवसर और समर्थन देने से भविष्य के लिए मजबूत राष्ट्र की नींव रखी जा सकती है।
संस्थान के सचिव श्यामसुंदर शर्मा ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को गीता के मर्म से जोड़कर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से अवगत कराना है, जिससे समाज और राष्ट्र के लिए सुसंस्कृत नागरिक तैयार हो सकें।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार श्रीकान्त शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान कोषाध्यक्ष पप्पू लाल ढोसी, राजेन्द्र डोब, सुनील खारला, मुकेश मीना, मनोज जोशी, राजू लाल मीना, गौरव गोयल, संस्थान संस्थापक संयोजक सियाराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement