बारां। शहर की नगर पालिका कॉलोनी में वार्ड नं.16 में सुन्दरजी की बगीची, जैन कॉलोनी, सिन्धी कॉलोनी, हरिजन बस्ती में गत सप्ताह से घरों में पानी नहीं आने के विरोध में बुधवार को स्थानीय वासियों ने जलदाय विभाग के बाहर प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया।
वार्डवासियों ने पार्षद रानू गोयल की अगुवाई में जलदाय विभाग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर एईएन जीपी गोयल को ज्ञापन सौंपा। पार्षद गोयल ने कहा कि अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी वार्ड वासी पेयजल को तरस रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से वार्ड वासी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। जलदाय विभाग के अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है। नगर पालिका कॉलोनी में विभाग द्वारा डाली गई पेयजल लाईन जगह-जगह से लीकेज है तथा जर्जर हो चुकी है। जिसके कारण कॉलोनी के उपाभोक्ताओं को पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो पा रही है और कॉलोनी निवासी के पीने के पानी के अभाव में परेशानी का सामना करना पड रहा है। ज्ञापन में नगर पालिका कॉलोनी में पेयजल लाईन अतिशीघ्र बदलने की मांग की गई है।