कपूरथला। मौजूदा सीजन में डेंगू के सिविल अस्पताल में75 मरीज संदिग्ध पाए गए। लेकिन इलाज की उचित व्यवस्था ना होने की वजह से डाक्टरों द्वारा उन्हें जालंधर रैफर किया जा रहा है। इनमें से अधिकतर मरीजों को सेल बनाने वाली मशीन खराब होने के कारण जालंधर रैफर किया जा रहा था। लेकिन अब मशीन ठीक होने के बाद भी 50 हजार सेल से कम पाए जाने वाले मरीजों को जालंधर के सिविल अस्पताल में रैफर किया जा रहा है। डेंगू से निपटने के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला के इमरजेंसी वार्ड में एक डाक्टर व एक नर्स अपनी सेवाएं निभा रही है। इसके साथ-साथ वह अन्य आने वाले मरीजों का भी इलाज कर रहे हैं। इस वजह से मरीजों को उचित सुविधाएं न मिलने के कारण मरीज प्राइवेट अस्पतालों में अपना इलाज करवाने को मजबूर हो रहे है। इस बारे में सिविल सर्जन डा. एचएस काहलों का कहना है कि अस्पताल में डेंगू से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध है लेकिन सेल बनाने वाली मशीन छोटी है और एक यूनिट में तीन हजार सेल यूनिट तैयार करती है। वहीं जालंधर सिविल अस्पताल में सेल बनाने वाली मशीन एक यूनिट में 15 हजार सेल तैयार करती है। इस लिए मरीजों की हालत को देखते हुए एवं 50 हजार सेल से कम वाले मरीजों को सिविल अस्पताल जालंधर में रैफर किया जा रहा है ताकि उनका इलाज ठीक तरह से हो पाए।