उदयपुर। जमीनों के फर्जी कागजात से बैंकों को करोड़ों की चपत लगाने वाले गिरोह का भींडर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारी सहित 3 लोगो को गिरफ्तार किया है। भिंडर पुलिस ने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक भींडर के शाखा प्रबंधक ने थाने में दो व्यक्तियों के फर्जी कागजात से लोन लेने की रिपोर्ट कराई थी। भींडर थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने मामले की जांच की, जिसमें बैंक के कर्मचारी भी संलिप्त होने का पता चला। इस पर पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद गोयल के निर्देश पर टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में आरोपित कालूलाल, अंबालाल, आईसीआईसीआई बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड के डिप्टी डॉयरेक्टर ओंकार लाल को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त जमीन जायदाद के फर्जी दस्तावेज बनाने के लिए पटवारी, गिरदावरी, तहसीलदार उप पंजीयन तथा ग्राम पंचायत के सरपंच के सत्यापन करने के लिए स्वयं अलग-अलग मुहरों का इस्तेमाल करते थे। अभियुक्त कालू लाल एवं नारायण लाल द्वारा दिए गए सभी लोन खातों के रिकॉर्ड की जानकारी पुलिस खंगाल रही है। इस मामले में भिंडर बैंक शाखा के और भी कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।