Advertisement
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: 24 घंटे से ज्यादा चली बाधा के बाद आउटलुक, टीम्स और कोपायलट सहित सभी सेवाएं फिर से शुरू

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में ग्राहकों और भागीदारों से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी अपने उपयोगकर्ताओं के भरोसे को बेहद गंभीरता से लेती है।
कंपनी ने बताया कि समस्या का केंद्र एक्सचेंज ऑनलाइन था, जो माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड-आधारित ईमेल सेवा है। इसकी वजह से आउटलुक के अलावा टीम्स, कोपायलट, शेयरपॉइंट ऑनलाइन और माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर एक्सडीआर जैसी सेवाएं भी प्रभावित हुईं। कुछ उपयोगकर्ताओं को कैलेंडर खोलने, मीटिंग शेड्यूल करने और कोपायलट के जरिए कार्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट ने कई क्षेत्रों में बढ़े हुए इंफ्रास्ट्रक्चर लोड को समस्या की वजह बताया था। हालांकि बाद की जांच में सामने आया कि कई सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे, जिससे बाकी नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह समस्या उपयोगकर्ताओं की संख्या बढ़ने या ट्रैफिक में उछाल के कारण नहीं हुई थी।
सेवाओं को बहाल करना भी अपेक्षा से अधिक चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। कुछ सर्वर दोबारा चालू होने के बाद ट्रैफिक स्थानांतरित किए जाने पर फिर से अनुत्तरदायी हो गए, जिसके चलते इंजीनियरों को वैकल्पिक समाधान अपनाने पड़े। माइक्रोसॉफ्ट ने चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक प्रबंधन में बदलाव कर सेवाएं बहाल कीं और प्रत्येक चरण में स्थिरता की निगरानी की, ताकि दोबारा कोई बड़ी समस्या न हो।
भारत में भी गुरुवार देर रात से उपयोगकर्ताओं ने समस्याओं की शिकायत करना शुरू कर दिया था। शुक्रवार को शिकायतों की संख्या फिर बढ़ी। एयरलाइन इंडिगो ने भी बताया कि उसका ईमेल सपोर्ट चैनल प्रभावित हुआ है, जिसके कारण ग्राहक ईमेल भेजने में परेशानी का सामना कर सकते हैं, हालांकि अन्य सहायता चैनल सामान्य रूप से काम कर रहे थे।
दुनिया के सबसे बड़े कार्यस्थल सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्मों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट 365 का उपयोग 43 करोड़ से अधिक लोग करते हैं। कंपनी ने कहा है कि घटना की समीक्षा पूरी होने के बाद विस्तृत पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट जारी की जाएगी।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
गैजेट्स
Advertisement
Traffic
Features


