Advertisement
माइक्रोसॉफ्ट ने ईमेल टाइमआउट विंडो को 48 घंटे तक बढ़ाया, भारत में आउटलुक यूजर्स को मिलने लगे ईमेल

कंपनी ने आगे कहा कि देरी से आने वाले ईमेल को सुरक्षित रखने के लिए "हमने ईमेल टाइमआउट विंडो को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया है, जबकि क्यू और बैकलॉग की प्रोसेसिंग जारी है।"
कंपनी ने आगे बताया कि माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में इंसिडेंट नंबर 'एमओ1550821' के तहत एक विस्तृत अपडेट उपलब्ध है। यूजर इसके सर्विस स्टेटस पेज के जरिए भी स्थिति पर नजर रख सकते हैं।
कंपनी ने यह भी कहा कि रिकवरी की दिशा में और प्रगति हुई है; प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर के कुछ हिस्सों में काम पूरा कर लिया गया है और ट्रैफिक को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, "हम मेलबॉक्स एक्सेस और ईमेल प्रोसेसिंग में देरी जैसे खास मामलों में सुधार देख रहे हैं, हालांकि बीच-बीच में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। हमारा ध्यान बाकी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी रिकवरी का काम करने, सिस्टम को स्थिर करने और क्षमता बढ़ाने पर है, ताकि सेवा में निरंतरता और सुधार लाया जा सके।"
गुरुवार रात शुरू हुई यह बड़ी आउटेज (सेवा में रुकावट) सर्वर हेल्थ-चेक के फेल होने से जुड़ी है, जिसके कारण प्रभावित सर्वर काम करना बंद कर गए। माइक्रोसॉफ्ट ने शुरुआत में कॉन्फिगरेशन में बदलाव करके और प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करके इस समस्या को सुलझाने की कोशिश की। कंपनी ने एक वैकल्पिक हेल्थ-चेक तरीका भी लागू किया, जिससे कुछ प्रभावित सर्वर फिर से काम करने लगे।
शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट की इस लंबी आउटेज के कारण कई देशों में कारोबार, एयरलाइंस और सरकारी कामकाज ठप हो गए। आउटलुक, टीम्स और एआई असिस्टेंट 'कोपायलट' जैसी कई लोकप्रिय सेवाएं काम नहीं कर रही थीं। समस्या शुरू होने के कई घंटों बाद भी इस दिग्गज टेक कंपनी को सामान्य कामकाज बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अमेरिका स्थित इस टेक कंपनी ने बताया कि इस घटना से माइक्रोसॉफ्ट 365 के कई ऐसे प्रोडक्ट्स प्रभावित हुए, जो इसके 'एक्सचेंज ऑनलाइन' और ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हैं।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
गैजेट्स
Advertisement
Traffic
Features


