Advertisement
एडवेंचर बाइक बाजार में बढ़ेगी हलचल, रॉयल एनफील्ड, हीरो और बजाज की 5 नई बाइक्स जल्द होंगी पेश

रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750
रॉयल एनफील्ड हिमालयन 750 कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी एडवेंचर बाइक होगी। इसे EICMA 2026 में प्रदर्शित किया गया है। इस बाइक में 743 सीसी का एयर और ऑयल कूल्ड पैरेलल ट्विन इंजन दिया जाएगा, जो 55 बीएचपी की अधिकतम पावर और 63 एनएम का टॉर्क जनरेट करेगा। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट-स्लिपर क्लच से जोड़ा जाएगा।
फीचर्स की बात करें तो इसमें पांच राइडिंग मोड, क्रूज कंट्रोल, कॉर्नरिंग एबीएस और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा 4-इंच की टीएफटी स्क्रीन भी दी जाएगी। खराब रास्तों और लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखते हुए इसके आगे 19-इंच और पीछे 17-इंच के पहिये दिए जाएंगे। अधिक क्षमता वाले इंजन के कारण यह बाइक एडवेंचर टूरिंग पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए खास विकल्प बन सकती है।
हीरो एक्सपल्स 450
हीरो मोटोकॉर्प की नई एक्सपल्स 450 भी आने वाले समय में एडवेंचर बाइक बाजार में अपनी जगह बना सकती है। कंपनी ने इसे EICMA 2026 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया। इसमें 421 सीसी का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 46.7 बीएचपी की पावर और 38 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलेगा।
इस बाइक में 43 एमएम के एडजस्टेबल केवाईबी अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क और 225 एमएम का सस्पेंशन ट्रैवल दिया गया है। इसमें राइडिंग मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलेंगे। खास बात यह है कि इसमें 7-इंच की टीएफटी स्क्रीन दी गई है, जो एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले कनेक्टिविटी को सपोर्ट करेगी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में डिलीवरी 2027 में शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद भारतीय बाजार में भी इसकी लॉन्चिंग की उम्मीद है।
बजाज ट्रेकर डुअल स्पोर्ट
बजाज ऑटो भी एडवेंचर और ऑफ-रोड बाइक श्रेणी में अपनी नई पेशकश लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी एक डुअल स्पोर्ट बाइक पर काम कर रही है, जिसे ट्रेकर नाम से बाजार में उतारे जाने की संभावना है। इस बाइक की टेस्टिंग के दौरान कई बार तस्वीरें सामने आ चुकी हैं।
इसके डिजाइन में ऑफ-रोडिंग को ध्यान में रखते हुए कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें ऊंचा फ्रंट फेंडर, अधिक सस्पेंशन ट्रैवल, सीधा हैंडलबार और ऊपर की ओर लगाया गया एग्जॉस्ट दिया जा सकता है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे लिंकेज के साथ मोनोशॉक मिलने की संभावना है।
इंजन के मामले में यह बाइक पल्सर एन250 में इस्तेमाल होने वाले 250 सीसी एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन पर आधारित हो सकती है। इसे शुरुआत में ब्राजील जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय बाजार में इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
हीरो एक्सपल्स 150
हीरो मोटोकॉर्प ने एक्सपल्स 150 को भी EICMA 2026 में प्रदर्शित किया है। इसे खास तौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो कम इंजन क्षमता वाली हल्की और ऑफ-रोडिंग के अनुकूल बाइक चाहते हैं। इसमें 150 सीसी का एयर-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 12.2 बीएचपी की पावर और 12.8 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलेगा।
इस बाइक का वजन 141.5 किलोग्राम है। इसमें आगे 19-इंच और पीछे 17-इंच के पहिये दिए गए हैं। इसकी ग्राउंड क्लीयरेंस 220 एमएम और सीट की ऊंचाई 826 एमएम है। ऑफ-रोडिंग के दौरान बाइक को सुरक्षित रखने के लिए इंजन प्रोटेक्शन प्लेट और हैंडगार्ड जैसे उपकरण भी दिए गए हैं। इसके अलावा सामान रखने के लिए लगेज कैरियर भी मिलेगा। फिलहाल इसे विदेशी बाजारों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर कंपनी की ओर से पुष्टि का इंतजार है।
रॉयल एनफील्ड हिमालयन इलेक्ट्रिक
रॉयल एनफील्ड इलेक्ट्रिक वाहन श्रेणी में भी अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी हिमालयन इलेक्ट्रिक बाइक पर HIM-E प्रोजेक्ट के तहत काम कर रही है। इसका पहला प्रोटोटाइप EICMA 2023 में प्रदर्शित किया गया था। इसके बाद कंपनी ने इसके विकसित रूप को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाया।
इस इलेक्ट्रिक एडवेंचर बाइक को पहाड़ी और चुनौतीपूर्ण रास्तों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। कंपनी इसकी अलग-अलग परिस्थितियों में परीक्षण कर चुकी है और इसे बेहतर बनाने पर काम जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स में इसे 2027 के दौरान पेश किए जाने की संभावना जताई गई है, हालांकि इसकी लॉन्चिंग में अभी और समय लग सकता है। फिलहाल कंपनी ने इसके उत्पादन संस्करण, तकनीकी विशेषताओं और कीमत को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
एडवेंचर बाइक बाजार में बढ़ेगा मुकाबला
रॉयल एनफील्ड, हीरो और बजाज की इन पांचों बाइक्स को देखें तो कंपनियां अलग-अलग जरूरतों वाले ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारी में हैं। जहां हिमालयन 750 लंबी दूरी और दमदार इंजन पसंद करने वालों को आकर्षित कर सकती है, वहीं एक्सपल्स 450 और एक्सपल्स 150 अलग-अलग क्षमता वाली एडवेंचर बाइक के विकल्प पेश करेंगी। बजाज की ट्रेकर डुअल स्पोर्ट बाइक भी इस श्रेणी में नया मुकाबला खड़ा कर सकती है।
दूसरी ओर, हिमालयन इलेक्ट्रिक के जरिए रॉयल एनफील्ड इलेक्ट्रिक एडवेंचर सेगमेंट में कदम रखने की तैयारी कर रही है। हालांकि इन सभी मॉडलों की भारतीय लॉन्च तारीख और कीमत का इंतजार है। आने वाले समय में इनकी पेशकश से भारत में एडवेंचर और ऑफ-रोड बाइक का बाजार और प्रतिस्पर्धी हो सकता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
ऑटोमोबाइल
Advertisement
Traffic
Features


