Manish wife Poonam lashed out at Qazi, saying, He said he made my husband cry.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

काजी पर भड़कीं मनीष की पत्नी पूनम, बोलीं- मेरे पति को रुलाने की कही थी बात

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 11:12 AM (IST)
काजी पर भड़कीं मनीष की पत्नी पूनम, बोलीं- मेरे पति को रुलाने की कही थी बात
मुंबई । रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में मनीष गोयल और काजी तौकीर के बीच चल रहे विवाद पर मनीष की पत्नी पूनम नरुला गोयल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी । उन्होंने मनीष को लेकर काजी तौकीर के रवैये पर नाराजगी जताई और अपने पति का बचाव किया। पूनम गोयल ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि मनीष का रिएक्शन स्क्रीन टाइम पाने के लिए नहीं, बल्कि सच में दुखी होने की वजह से होता है। पूनम ने लिखा, "मैं एक महीने से ज्यादा समय से चुप थी, लेकिन अब वक्त आ गया है कि मैं अपनी बात को सामने रखूं। कल के एपिसोड के बाद मैं डिटेल में बात करूंगी, लेकिन अभी के लिए मैं चाहती हूं कि लोग समझें कि मनीष 'प्रोफेसर' शब्द पर ऐसा रिएक्ट क्यों करते हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "जब से मनीष घर में आए हैं, काजी लगातार उन्हें 'ज्ञानी बाबा' और 'प्रोफेसर' जैसे नामों से चिढ़ा रहे हैं। शुरुआत में ये काजी का एक प्रैंक था, जिसमें बाकी घरवाले भी शामिल हो गए थे। मनीष को इसके बारे में कुछ भी पता नहीं था, लेकिन फिर भी उन्होंने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया था। काजी इस बात को आगे ले गए। उन्होंने ताने मारने शुरू कर दिए और उम्र को लेकर शर्मिंदा कराने लगे। जब मनीष ने उन्हें रोकने के लिए कहा, तो काजी ने कैमरे पर कहा कि वो मनीष को रुला देंगे और रुकेंगे नहीं। यही मनीष के 'प्रोफेसर' शब्द पर रिएक्ट करने की असली वजह है।"
पूनम ने अपने पति-अभिनेता मनीष गोइल के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए लिखा, "मेरे पति कभी काजी के पास लड़ाई करने नहीं जाते। उन्हें स्क्रीन टाइम की परवाह नहीं है। अगर होती, तो वो सिर्फ फुटेज के लिए चीजें करते, लेकिन वे ऐसा नहीं करते। वे भावुक व्यक्ति हैं, कभी-कभी ड्रामेटिक हो जाते हैं और कड़े शब्दों में बोलते हैं। वे 70 के दशक में पैदा हुए एक नॉर्थ इंडियन आदमी हैं और यही उनकी पर्सनालिटी है। सिर्फ इसलिए कि यंग जनरेशन उनके बोलने या रिएक्ट करने के तरीके से रिलेट नहीं कर पाती, इसका मतलब ये नहीं कि वह नाटक कर रहे हैं।"
पूनम ने मनीष को लेकर काजी के व्यवहार पर बात करते हुए लिखा, "मनीष सच में अच्छे फैमिली मैन हैं, लेकिन जब कोई उन्हें लगातार इस तरह से चिढ़ाएगा, उम्र को लेकर ताने मारेगा या उनके आसपास गंदे जोक्स करेगा, तो वे रिएक्ट करेंगे ही। आप काजी को पसंद कर सकते हैं, लेकिन इस सपोर्ट में इतने अंधे मत हो जाइए कि दूसरी तरफ को नजरअंदाज कर दें। अगर मनीष को एलिमिनेशन की परवाह होती, तो वो काजी के लिए अपनी लाइफलाइन कुर्बान नहीं करते। 2026 में अगर लोग एक सिंपल, सच में अच्छे 51 साल के आदमी को इसलिए स्वीकार नहीं कर सकते कि वो उछल-कूद नहीं करता, गाली नहीं देता या हर तरह की बेवकूफी में साथ नहीं देता, तो ये निराशाजनक और बचकाना है।"
उन्होंने आखिर में लिखा, "मनीष असल जिंदगी में भी ऐसे ही बोलते हैं। उन्हें अपनी भाषा, शुद्ध हिंदी से प्यार है और उन्हें उस पर गर्व है। वो एक एक्टर हैं और हमें उन पर गर्व है, लेकिन कभी-कभी एडिटेड फुटेज से आगे देखना चाहिए और इंसान की आंखों में देखना चाहिए कि वो सच में दुखी है या एक्टिंग कर रहा है। ये देखकर निराशा होती है कि लोग आज किस चीज को सपोर्ट कर रहे हैं। लेकिन हम एक फैमिली के तौर पर हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे। ओम, पूनम नारुला गोयल, बहुत सारा प्यार, मन्नू। महादेव तुम्हारे साथ हैं।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement