Ronaldinho is returning to professional football after 11 years, playing for Italian club Ravenna on November 15th.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रोनाल्डिन्हो 11 साल बाद कर रहे पेशेवर फुटबॉल में वापसी, 15 नवंबर को इटैलियन क्लब रेवेना के लिए खेलेंगे

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 10:12 AM (IST)
रोनाल्डिन्हो 11 साल बाद कर रहे पेशेवर फुटबॉल में वापसी, 15 नवंबर को इटैलियन क्लब रेवेना के लिए खेलेंगे
नई दिल्ली । ब्राजील के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो करीब एक दशक तक पेशेवर फुटबॉल से दूर रहने के बाद फिर से मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। 46 साल के रोनाल्डिन्हो इटली के थर्ड टियर में रेवेना एफसी के लिए खेलेंगे। रोनाल्डिन्हो 15 नवंबर को फोर्ली के खिलाफ सीरी सी डर्बी में रेवेना के लिए खेलते हुए दिखेंगे। क्लब ने रोनाल्डिन्हो की वापसी की तारीख अक्टूबर में ही कन्फर्म किया था। रोनाल्डिन्हो रेवेना एफसी के साथ एक खिलाड़ी और एक शेयरहोल्डर के तौर पर जुड़ रहे हैं। ब्राजील के इस दिग्गज ने जून में इटैलियन क्लब के लिए साइन किया था और बाद में टीम में हिस्सेदारी खरीदी। वर्ष 2015 में पेशेवर फुटबॉल में ब्राजीलियन क्लब फ्लूमिनेंस के लिए आखिरी बार खेलने वाले रोनाल्डिन्हो ने 2018 में आधिकारिक तौर पर संन्यास लिया था। संन्यास से वापसी के बाद रोनाल्डिन्हो के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ सकती है। पेशेवर फुटबॉल में उनके नाम 299 गोल दर्ज हैं। एक और गोल मारते ही उनके नाम 300 गोल दर्ज हो जाएंगे।
क्लब रेवेना ने ऐलान किया है कि पेशेवर फुटबॉल में रोनाल्डिन्हो की वापसी दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमियों का ध्यान स्टेडियम की तरफ खींचेगी, साथ ही क्लब की लोकप्रियता भी बढ़ेगी।
रोनाल्डिन्हो भी फील्ड पर उतरने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह फिर से बॉल के साथ खेलने और क्लब के साथ एक नई कहानी लिखने का इंतजार नहीं कर सकते। फुटबॉल हमेशा से मेरे लिए खुशी का विषय रहा है और रेवेना में, मैं वही भावना लाने की उम्मीद करता हूं।
1999 से 2013 तक ब्राजील फुटबॉल टीम के लिए खेलने वाले रोनाल्डिन्हो ने 97 मैचों में 33 गोल किए थे। वह 2002 में फीफा विश्व कप फुटबॉल जीतने वाली ब्राजील टीम का हिस्सा थे।
पेशेवर करियर में रोनाल्डिन्हो पेरिस सेंट जर्मेन, बार्सिलोना, एसी मिलान जैसे बड़े क्लबों का हिस्सा रहे हैं। अपनी ड्रिब्लिंग, क्रिएटिविटी, जबरदस्त स्किल्स और खास मुस्कान से फैंस को हैरान करने वाले इस खिलाड़ी ने बार्सिलोना में शानदार प्रदर्शन के बाद 2005 में बैलन डी'ओर जीता था। 2000 के दशक के बीच बार्सिलोना क्लब को मशहूर बनाने में उनका अहम योगदान रहा था। उनके रहते क्लब ने दो ला लीगा खिताब और 2006 में यूईएफए चैंपियंस लीग जीती थी।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement