Germany have better record against Sweden in FIFA World Cup-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:25 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

फीफा विश्व कप में रिकॉर्ड के हिसाब से स्वीडन पर भारी है जर्मनी

khaskhabar.com: शनिवार, 23 जून 2018 12:25 PM (IST)
फीफा विश्व कप में रिकॉर्ड के हिसाब से स्वीडन पर भारी है जर्मनी
सोचि (रूस)। रूस में जारी फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण के अपने पहले मैच में जीत से उत्साहित स्वीडन आज शनिवार को ग्रुप-एफ में मौजूदा चैंपियन जर्मनी के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 11.30 बजे शुरू होगा। स्वीडन इस मैच में अपने 60 साल के सूखे को समाप्त करना चाहेगा। दूसरी तरफ पहले मैच में हार झेलने वाली जर्मनी वापसी की कोशिश करेगी। स्वीडन ने विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया था और जिसकी बदौलत टीम तीन अंक लेकर ग्रुप-एफ में शीर्ष पर है। वहीं मेक्सिको से अपना पहला मैच हारने के बाद जर्मनी ग्रुप में तीसरे नंबर पर है और अंतिम-16 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए स्वीडन के खिलाफ होने वाले मैच में उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। जर्मनी की टीम अगर स्वीडन के खिलाफ हार जाती है और मेक्सिको अगर कोरिया से जीत जाता या फिर ड्रॉ भी खेल जाता है तो मौजूदा चैंपियन जर्मनी टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो जाएगी। स्वीडन ने अपने पहले मैच में दूसरे हाफ में पेनल्टी किक पर कप्तान आंद्रेयास ग्रैंक्विस्ट की ओर से किए गए गोल के दम पर स्वीडन ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी थी। टीम चाहेगी कि ग्रैंक्विस्ट जर्मनी के खिलाफ भी यह करिश्मा करे और स्वीडन को अंतिम-16 का टिकट दिलाए। ग्रैंक्विस्ट 2002 में हेनरिक लार्सेन के बाद विश्व कप में पेनल्टी किक पर गोल करने वाले पहले स्वीडिश खिलाड़ी हैं।
स्वीडन के लिए एलेक्जेंद्र जॉनसन ने मैच से पहले टीम के साथ कल अभ्यास किया था और वह मुकाबले में टीम का हिस्सा हो सकते हैं। जॉनसन बीमार होने के कारण दक्षिण कोरिया के खिलाफ पहले मैच में नहीं खेल पाए थे। शुक्रवार को टीम के आधे से ज्यादा खिलाडिय़ों ने मैदान में अपना पसीना बहाया जबकि बाकी खिलाडिय़ों ने जिम में अभ्यास किया था। स्वीडन अगर मुकाबले में जीत हासिल करने में सफल रहती है तो विश्व कप में 60 साल बाद जर्मनी के खिलाफ उसकी यह लगातार दूसरी जीत होगी।
स्वीडन ने विश्व कप में आखिरी बार जर्मनी को 1958 में अपनी मेजबानी में हुए विश्व कप में हराया था। स्वीडन के विक्टर क्लेसन को किसी भी तरह के नियमों के उल्लंघन से बचना होगा अन्यथा अगले मैच में उनका खेलना मुश्किल हो सकता है। क्लासेन को पहले मैच में यलो कार्ड मिल चुका है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement