दिल्ली के कीन लेविस ने 38वें मिनट में पहली सफलता हासिल की। मिडफील्ड में
दिल्ली के अहम खिलाड़ी बनकर उभरे भारत के लेविस ने यह गोल मार्सेले लीते
परेरा द्वारा लिए गए कॉर्नर फ्री किक पर किया। परेरा ने एक अच्छा क्रॉस
नॉर्थईस्ट युनाइटेड के गोलपोस्ट की ओर रवाना किया। मेहमान टीम के गोलकीपर
सुब्रत पॉल इस गेंद को लपकने के लिए आगे बढ़े लेकिन गेंद ने उन्हें छका
दिया।
गेंद लेविस के करीब जाकर गिरी और उन्होंने बिना देरी किए इसे
गोलपोस्ट में डाल दिया। दूसरा गोल नॉर्थईस्ट के नाम रहा। बराबरी का यह गोल
एमिलियानो एल्फारो टोस्कानो ने 51वें मिनट में किया। एल्फारो ने यह गोल
अपने साथी निकोलस वेलेज के पास पर किया। वेलेज, रुबेन गोंजालेज रोचा को
छकाते हुए दाएं किनारे से गोलपोस्ट की ओर बढ़े और गोलकीपर को अपनी ओर आने
को मजबूर किया।