नई दिल्ली। दिल्ली डायनामोज ने शनिवार को अपने घर में नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 1-1 की बराबरी पर रोककर हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में अब तक अपना अजेय क्रम बरकरार रखा है। बराबरी के इस मैच से हासिल एक अंक की बदौलत नॉर्थईस्ट ने कुल 10 अंकों के साथ खुद को शीर्ष पर मजबूत किया वहीं दिल्ली की टीम पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंच गई।
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस मैच का पहला गोल पहले हाफ में दिल्ली ने किया, जबकि नॉर्थईस्ट ने बराबरी का गोल 51वें मिनट में किया। इन गोलों से पहले और बाद में दोनों टीमों के बीच आगे निकलने की जबरदस्त होड़ लगी। इस क्रम में पूरे मैच में कुल 8 पीले कार्ड दिखाए गए। इनमें से पांच पहले और तीन दूसरे हाफ में दिखाए गए। इस सीजन में पीले कार्ड के मामले में यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है।