khaskhabar.com: शुक्रवार, 19 अगस्त 2016 5:35 PM (IST)
मुंबई। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर और बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के तौर पर अनिल कुंबले की नियुक्ति के फैसले की सराहना की है। साथ ही गिलक्रिस्ट ने कहा कि कुंबले और टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली की जोड़ी विदेशी जमीन पर भारत के टेस्ट मैचों के रिकॉर्ड को बेहतर बनाने की ओर सकारात्मक कदम बढ़ा रही है।
जून में भारत के मुख्य कोच के तौर पर नियुक्त किए गए पूर्व कप्तान कुंबले ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई टेस्ट मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम को जीत दिलाकर अपने कार्यकाल की सफल शुरुआत कर ली है। सीरीज का चौथा व अंतिम टेस्ट पोर्ट ऑफ स्पेन में जारी है। इस टेस्ट में भी जीतने पर भारत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईओसी) की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कायम रहेगा।