Youth Acquitted in Kidnapping and POCSO Case-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अपहरण और पॉक्सो मामले में युवक बरी

khaskhabar.com: शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026 3:44 PM (IST)
अपहरण और पॉक्सो मामले में युवक बरी
चंडीगढ़। चंडीगढ़ की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एवं फास्ट ट्रैक विशेष अदालत की न्यायाधीश डॉ. यशिका की अदालत ने 14 वर्षीय नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण के मामले में आरोपी आफताब अली (20) को बरी कर दिया है। अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 137(2), 87, 65(1) और 351(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मामला पिछले साल 21 मार्च की कथित घटना से संबंधित है। औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज मामले के अनुसार, दरिया निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि वह ड्राइवर है। उसकी 14 वर्षीय छोटी बहन 21 मार्च 2025 को शाम करीब पांच बजे बाजार से सामान लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी तलाश की और लोगों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने आफताब अली पर बहन के अपहरण का संदेह जताया था। पुलिस के अनुसार, युवती 24 मार्च को मिली। बाद में उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसे रेलवे स्टेशन के पास जंगल में ले गया और वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था।
बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता मनदीप कुमार और कशिश जैन ने पैरवी करते हुए अभियोजन पक्ष की कहानी में कई विरोधाभासों और सबूतों की कमी का मुद्दा उठाया। अधिवक्ता मनदीप कुमार ने दलील दी कि पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में जंगल में जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था, लेकिन जिरह के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने मदद के लिए शोर नहीं मचाया, जबकि घटनास्थल के पास ही आवाजाही वाली सड़क है।
बचाव पक्ष ने यह भी दलील दी कि पीड़िता के अनुसार घटना के बाद आरोपी उसे ऑटो से जीरकपुर ले गया और अगले दिन दोनों ट्रेन से दिल्ली गए। इस दौरान उसने न तो किसी से मदद मांगी और न ही आरोपी से बचने का प्रयास किया। इसके अलावा, पुलिस ने कथित घटनाओं से जुड़े जीरकपुर और दिल्ली के स्थानों पर जाकर जांच नहीं की और न ही पीड़िता को उन स्थानों पर ले जाकर घटनाक्रम की पुष्टि कराई।
अधिवक्ता कशिश जैन ने अदालत में तर्क दिया कि पीड़िता ने परामर्श के दौरान बताया था कि वह पिछले तीन वर्षों से आरोपी के साथ रिश्ते में थी। पहले ही वर्ष उसके परिवार को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और उन्होंने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। बचाव पक्ष ने इसे मौजूदा शिकायत के पीछे पुरानी रंजिश होने की दलील के रूप में पेश किया।
बचाव पक्ष ने चिकित्सकीय रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उसमें हाल में यौन संबंध बनाए जाने की पुष्टि नहीं हुई थी, जबकि पीड़िता ने 23 मार्च 2025 तक आरोपी द्वारा जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। अधिवक्ताओं ने दलील दी कि अभियोजन पक्ष की कहानी को समर्थन देने वाला कोई ठोस चिकित्सकीय या अन्य साक्ष्य मौजूद नहीं है।
दोनों पक्षों की दलीलें और पेश किए गए न्यायिक फैसलों पर विचार करने के बाद अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर पाया। अदालत ने शिकायतकर्ता के बयान और बचाव पक्ष की ओर से सामने रखे गए साक्ष्यों में विरोधाभास, पूर्व शिकायतों तथा कथित घटनास्थलों के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने को भी महत्वपूर्ण माना। इसके बाद अदालत ने आफताब अली को सभी आरोपों से बरी कर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement