will changed Surat of schools in state, 12.48 lakh vidhyadan collected in 3 days-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राज्य के स्कूलों की बदलेगी सूरत, 3 दिन में एकत्र हुआ 12.48 लाख का विद्यादान

khaskhabar.com: शनिवार, 29 जुलाई 2017 8:59 PM (IST)
राज्य के स्कूलों की बदलेगी सूरत, 3 दिन में एकत्र हुआ 12.48 लाख का विद्यादान
जयपुर/अजमेर। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने राज्य के शिक्षकों एवं समाज के भामाशाहों से विद्या के लिए दिल खोलकर दान देने की अपील की है। शिक्षा में सामाजिक सहभागिता के तहत चलाए जा रहे इस अभियान से प्राप्त राशि सरकारी स्कूलों में सुविधाओं के विकास में ही खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के आह्वान पर इस अभियान के पहले तीन दिनों में ही जिले में दस लाख रुपए की राशि एकत्र हुई है। राजस्थान शिक्षक संघ राधाकृष्णन इस अभियान में 11 लाख रुपए का सहयोग देगा। शिक्षा मंत्री ने शिक्षक समुदाय से अपील की है कि एक दिन का वेतन विद्या के लिए दान करें। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री देवनानी ने शनिवार को राजकीय सावित्री बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षक समुदाय को मुख्यमंत्री विद्यादान कोष एवं ज्ञान संकल्प पोर्टल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता रही है कि समाज के प्रत्येक वर्ग ने शिक्षा के लिए दिल खोलकर दान दिया है। राजस्थान भी इस क्षेत्र में अग्रणी रहा है। प्रदेश के हर शहर और गांव में इस तरह के दानदाताओं के किस्से प्रचलित हैं, जिन्होंने भावी पीढ़ी को शिक्षित करने के लिए दान दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में भी समाज को शिक्षा से जोडऩे के लिए ज्ञान संकल्प पोर्टल एवं मुख्यमंत्री विद्यादान कोष की अभिनव पहल की गई है। मुख्यमंत्री राजे स्वयं जयपुर में 5 अगस्त को इस योजना का शुभारंभ करेंगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे भी अपना एक दिन का वेतन विद्या दान कोष को समर्पित करें। शिक्षकों का यह दान भविष्य में राजस्थान के स्कूलों की उन्नति में मील का पत्थर साबित होगा।

मंत्री ने की अपील, शिक्षकों ने दिया साथ

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी की अपील पर शिक्षकों ने पूरा साथ दिया। कार्यक्रम में मौजूद राजस्थान शिक्षक संघ राधाकृष्णन के प्रदेश अध्यक्ष विजय सोनी ने घोषणा की कि राधाकृष्णन संघ व शिक्षिका सेना के सदस्य 11 लाख रुपए का दान देंगे। देवनानी ने अपनी ओर से दान पेटिका में 11 हजार तथा महापौर धर्मेंद्र गहलोत ने 5000 रुपए का दान दिया। देवनानी ने अब तक 33 हजार रुपए दान किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि एक महीने की तनख्वाह विद्यादान कोष में दान देंगे।
जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने 11 हजार, शिक्षा कार्यालय समस्त ने 1,44,250 रुपए, आईएएसई अजमेर ने 41 हजार, उपखंड कार्यालयों ने 6,66,808 रुपए, विभिन्न भामाशाहों से सहयोग से 1,52,250 रुपए, शहर के संस्था प्रधानों से 2,06,000 रुपए सहित कुल 12 लाख 48 हजार 308 रुपए आज तक प्राप्त हो चुके हैं।
सहायक कर्मचारी ने दिए 8000 रुपए
कार्यक्रम में सावित्री स्कूल की प्राचार्य ने बताया कि यहां की एक सहायक कर्मचारी ने अपनी बचत में से 8000 रुपए दान दिए हैं। स्कूल की दो अन्य अध्यापिकाओं ने भी 5-5 हजार रुपए दिए।
कार्यक्रम में सीताराम गर्ग उपनिदेशक मा.शि., कैलाशचंद झंवर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम, तेजपाल उपाध्याय जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा द्वितीय, दीपक जौहरी, प्राचार्य टी.टी. कॉलेज सुशील गहलोत, रामनिवास गालव अति. जिला परियोजना समन्वयक रामाशिअ अजमेर, दिनेश कुमार ओझा अति. जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान अजमेर, अरुण कुमार जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement