BJP Pooja Bhansali elected Zila Pramukh in Ajmer by 10 votes, cross-voting occurs-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अजमेर में भाजपा की पूजा भंसाली 10 वोटों से बनीं जिला प्रमुख : कांग्रेस खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग, दशरथ कंवर को महज 11 मत मिले

khaskhabar.com: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 4:42 PM (IST)
अजमेर में भाजपा की पूजा भंसाली 10 वोटों से बनीं जिला प्रमुख : कांग्रेस खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग, दशरथ कंवर को महज 11 मत मिले
33 सदस्यीय जिला परिषद में पूजा भंसाली को 21 और एक वोट नोटा को मिला, अपने 12 और आरएलपी के एक सदस्य के समर्थन के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार को हुआ दो वोटों का नुकसान पूर्व मंत्री सांवरलाल जाट की पुत्रवधू सुनीता चौधरी ने नामांकन फॉर्म लेने के बाद भी नहीं भरा पर्चा
अजमेर। अजमेर जिला परिषद में बुधवार (25 नवंबर 2026) को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी पूजा भंसाली ने शानदार जीत दर्ज की है। महिला वर्ग के लिए आरक्षित इस पद पर पूजा भंसाली ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की दशरथ कंवर को 10 वोटों के अंतर से पराजित किया। कुल 33 सदस्यों वाली अजमेर जिला परिषद में भाजपा प्रत्याशी पूजा भंसाली को 21 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस की दशरथ कंवर को 11 मत मिले और एक वोट नोटा (NOTA) के खाते में गया। इस परिणाम में कांग्रेस खेमे में स्पष्ट रूप से क्रॉस वोटिंग देखने को मिली।
अपने 12 और आरएलपी के एक सदस्य के बावजूद कांग्रेस को मिले केवल 11 वोट
मतगणना में खुली क्रॉस वोटिंग की पोल: हालिया चुनावों में अजमेर जिला परिषद की 33 सीटों में से भाजपा ने 19, कांग्रेस ने 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 2 सीटें जीती थीं। दोपहर 3:00 बजे मतदान शुरू होने पर कांग्रेस के सदस्य आरएलपी की एक सदस्य गुलाबी देवी के साथ मतदान करने पहुंचे थे, जबकि दूसरी आरएलपी सदस्य का समर्थन भाजपा को मिला। इसके बावजूद, कांग्रेस के पास 13 वोट (12 अपने और 1 आरएलपी) होने के बाद भी दशरथ कंवर को महज 11 वोट ही मिले। दूसरी ओर, भाजपा के पास 19 सदस्य और एक आरएलपी के समर्थन सहित 20 वोट थे, लेकिन पूजा भंसाली को 21 वोट मिले।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया: सुबह करीब 10:00 बजे दोनों प्रत्याशियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बंधु एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल के समक्ष अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। शाम करीब 4:00 बजे मतदान पूरा होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। चुनाव को देखते हुए जिला परिषद के बाहर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और यातायात भी डायवर्ट किया गया था।
सुनीता चौधरी ने फॉर्म लेने के बाद भी नहीं किया नामांकन; भागीरथ चौधरी का विपक्ष पर पलटवार
सांवरलाल जाट की पुत्रवधू ने आखिरी वक्त में खींचे कदम: नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा की ओर से पूजा भंसाली के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सांवरलाल जाट की पुत्रवधू एवं नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा के भाई की पत्नी सुनीता चौधरी ने भी नामांकन फॉर्म लिया था। हालांकि, पार्टी द्वारा पूजा भंसाली को अधिकृत उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद सुनीता चौधरी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहा विपक्ष: मतदान से पूर्व कांग्रेस नेताओं ने समय पर वोटिंग शुरू न करने का आरोप लगाते हुए विरोध भी जताया। इस पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष अपनी हार तय देखकर हताश और निराश है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के सभी विजयी प्रत्याशी साधारण बस से आए थे और उनके साथ मौजूद मंत्री सुरेश रावत व विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित किसी भी नेता ने नियमों का उल्लंघन कर अंदर प्रवेश नहीं किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement