मंत्री से अफसर की जान को खतराः
मुख्यमंत्री
अशोक गहलोत शानदार बजट और सोशल सिक्योरिटी की स्कीमों को लेकर अपनी पीठ
थपथपाते नहीं थक रहे हैं। उधऱ, उनके मंंत्री सोशल सिक्योरिटी को खतरे में
डाल रहे हैं। जी हां, बूंदी के डीएफओ के वायरल हुए पत्र से तो ऐसा ही लगता
है। क्योंकि उन्होंने इसमें युवा एवं खेल मामलात मंत्री अशोक चांदना से खुद
की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी है। इस पत्र के साथ
डीएफओ साहब ने एक मीटिंग के दौरान हुए घटनाक्रम की वीडियो भी पुलिस को
सौंपी है। उनका कहना है कि मंत्री ने बाहरी राज्य का व्यक्ति बताकर
गाली-गलौज की औऱ जान से मारने की धमकी दी। वैसे मंत्री-अफसरों का यह विवाद
नया नहीं है। इससे पहले पंचायतराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री रमेश मीणा का
भी एक आईएएस अफसर से विवाद हो चुका है। इससे अफसरों में काफी नाराजगी है।
वैसे अफसरों और कर्मचारियों की नाराजगी का असर क्या होता है। मुखिया जी इस
बात को अच्छी तरह समझते हैं। सो उम्मीद की जा रही है कि वे जल्दी ही
मंत्रियों की जुबान पर ताला लगाएंगे।