सातवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे वीरभद्र सिंह: उद्योग मंत्री
khaskhabar.com: बुधवार, 22 मार्च 2017 7:24 PM (IST)
ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी की रीढ़ हैं और आगे भी रहेंगे तथा सातवीं बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। अग्निहोत्री आज ऊना जिला के चिंतपूर्णी में विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत चुरूड़ू में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व स्पष्ट है, वहीं भाजपा मुख्यमंत्री के पद पर उम्मीदवार को लेकर विभाजित है। मुख्यमंत्री की रैलियों में लोगों का भारी संख्या में शामिल होना वर्तमान सरकार की लोकप्रियता को दर्शाता है और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पुन सत्ता में आएगी।
भाजपा नेताओं की इस बयानबाजी कि वर्तमान सरकार ने कोई भी रोजगार नहीं दिया है, की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने चार साल के शासन काल के दौरान 43 हजार से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। इस वित्त वर्ष के दौरान 19 हजार रोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। 2000 पटवारियों की नियुक्ति की गई है और पहली बार 3000 सहायक पटवारी भी रखे गए हैं।