khaskhabar.com: बुधवार, 04 जनवरी 2017 12:08 PM (IST)
कांगड़ा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दौरे को लेकर यहां जोरदार तैयारियां चल रही हैं। अभी दौरे को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है लेकिन माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इसी माह 13 जनवरी को ज्वालामुखी में मनाए जाने वाले लोहड़ी उत्सव में शामिल होंगे। हर साल यहां विकास एवं चेतना मंच की ओर से आयोजित होने वाले लोहड़ी उत्सव में सीएम वीरभद्र सिंह शिरकत करते आए हैं, उसी तर्ज पर इस बार भी आएंगे। उस दिन सीएम का ज्वालामुखी के साथ खुंडिया में कार्यक्रम रखा जा रहा है।
ज्वालामुखी में मिनी सचिावालय का उद्घाटन व कुछ शिलान्यास कराये जायेगें। ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन इन दिनों दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। संजय रतन ने कहा कि ज्वालामुखी को तीन डिग्री कालेज देकर सरकार ने नया इतिहास रच दिया है। अब यह साबित हो गया है कि कांग्रेस पार्टी वायदे करती ही नहीं उन्हें निभाती भी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की गतिशील नेतृत्व में प्रदेश में एक मजबूत सरकार का गठन हुआ है तथा क्षेत्रवाद, जातिवाद इत्यादि संकीर्ण सोच को दरकिनार करके सरकार द्वारा प्रदेश के सभी क्षेत्रों का सामान विकास सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के लोगों के कल्याण के लिए नई योजनाएं कार्यन्वित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अपने चुनावी घोषणा पत्र को सरकार का नीति दस्तावेज बनाया गया है जिसे प्रभावी ढंग से कार्यन्वित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक निर्देश पहले ही जारी कर दिये गये हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दूरदर्शता एवं अनुभवों के फलस्वरूप कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को अमल में लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी निर्वाचन क्षेत्र को विकास का एक आदर्श मॉडल बनाने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जायेगा।