Uttar Pradesh: 24-Kos Parikrama Begins in Sambhal; Devotees Gather in Large Numbers During Brahma Muhurta-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

उत्तर प्रदेश : संभल में शुरू हुई 24 कोसीय परिक्रमा, ब्रह्म मुहूर्त में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

khaskhabar.com: शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 07:50 AM (IST)
उत्तर प्रदेश : संभल में शुरू हुई 24 कोसीय परिक्रमा, ब्रह्म मुहूर्त में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा शुक्रवार रात एक बजे से शुरू हो गई। रात से ही श्रद्धालुओं का बंश गोपाल तीर्थ मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। वहीं, ब्रह्म मुहूर्त होते ही भक्तों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले बंश गोपाल तीर्थ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद परिक्रमा शुरू कर दी। सुबह होते-होते परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई देने लगी। इस 24 कोसीय परिक्रमा का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। परिक्रमा के अंतर्गत संभल के 68 तीर्थ और 19 कूप भी आते हैं। मान्यता के अनुसार, इस परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को इन तीर्थों और कूपों की परिक्रमा करने का अवसर मिलता है। यही वजह है कि संभल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में पहुंच रहे हैं। बंश गोपाल तीर्थ के महंत स्वामी भगवत प्रिय ने बताया कि यहां श्रद्धालुओं का जबरदस्त रेला है। रात को करीब एक बजे स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने रात से ही परिक्रमा शुरू कर दी थी। रात करीब दो बजे से ही भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी थी और उस समय श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 40 से 45 हजार तक पहुंच गई थी।
उन्होंने बताया कि वे स्वयं स्नान के बाद सुबह 4 बजे पूजा पाठ करते हैं और इसके बाद परिक्रमा के लिए भक्तों को रवाना किया जाता है। लोगों की जबरदस्त भीड़ है और इसलिए रात में ही परिक्रमा शुरू हो गई। अब तक करीब एक लाख श्रद्धालु 24 कोसीय परिक्रमा में शामिल हो चुके हैं। रात को 2 बजे से 4 बजे के बीच ही 40 से 45 हजार लोग यात्रा के लिए रवाना हो चुके थे।
महंत स्वामी भगवत प्रिय ने बताया कि सुबह 4 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक 50 से 60 हजार श्रद्धालु इस परिक्रमा के लिए निकले हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्म मुहूर्त में भक्तों की संख्या में और तेजी से बढ़ोतरी हुई। श्रद्धालु पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ तीर्थों के दर्शन करते हुए परिक्रमा कर रहे हैं।
महंत ने बताया कि पहले के समय में इस पूरी परिक्रमा में ढाई-तीन लाख शामिल होते थे, लेकिन इस बार कुछ ही घंटों में एक लाख से अधिक भक्त परिक्रमा के लिए निकले हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement