सर्वस्व बलिदान करने वाले यूएन कर्मचारियों को नमन, 'आपने हमारी दुनिया को बेहतर बनाया'
Source: UN News: गुरुवार, 11 जून 2026 00:01 AM (IST)
यूएन शान्तिरक्षकों से लेकर गणित विषय के शिक्षकों तक, संयुक्त राष्ट्र के 136 कर्मचारियों ने वर्ष 2025 के दौरान अपने दायित्व को निभाते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया. यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सोमवार को न्यूयॉर्क मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी कर्मचारियों को अपने श्रृद्धासुमन अर्पित किए हैं.
यूएन प्रमुख ने स्मरण समारोह के दौरान, महासभा अध्यक्ष और सुरक्षा परिषद के प्रमुख के साथ मिलकर एक शाश्वत लौ को प्रदर्शित करने वाली मोमबत्ती को प्रज्जवलित किया और एक मिनट का मौन रखा. इसके बाद, यूएन अधिकारियों ने मृतक कर्मचारियों के नाम को पढ़ा, जिसके बाद एक वायलन वादक ने संगीत की धुन बजाई. महासचिव गुटेरेश ने कहा कि ये त्रासदियाँ, हम सभी के मन पर एक बड़ा बोझ हैं और इनसे पूरी दुनिया की चेतना को गहरा झटका लगना चाहिए. “मुझे स्पष्टता से कहने दीजिए. यूएन कर्मचारियों को कभी निशाना नहीं बनाया जाना होगा. शान्तिरक्षकों और मानवीय सहायताकर्मियों पर हमले, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन हैं, जिनमें अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून भी है.”पिछले सप्ताह, लेबनान में यूएन शान्तिरक्षा मिशन (UNIFIL) के ध्वज तले सेवारत एक शान्तिरक्षक की मौत हो गई थी. इस वर्ष, मार्च में हिज़बुल्लाह और इसराइली सैन्य बलों के बीच भड़के हिंसक टकराव के शुरू होने से अब तक 7 शान्तिरक्षकों की जान जा चुकी है.यूएन मुख्यालय में, सोमवार को इस कार्यक्रम के लिए 97 असैनिक कर्मचारियों और 39 वर्दीधारी सैन्य व पुलिस शान्तिरक्षकों की सेवा व योगदान का स्मरण किया गया. यूएन प्रमुख ने ध्यान दिलाया कि 32 देशों से आने वाले ये शान्तिरक्षक, विविध पृष्ठभूमियों से आते थे, लेकिन उद्देश्य के लिए एकजुट थे. “हम इन कर्मचारियों को उनके कार्य के लिए याद करते हैं. वे बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे थे, मेडिकल कर्मचारी जो बीमारों व घायलों को ठीक कर रहे थे, चालक जो सहायता वितरित कर रहे थे और अनेक अन्य भी.”
UN Photo/Eskinder Debebe
न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में यूएन कर्मचारियों व शान्तिरक्षकों की सेवा व योगदान का स्मरण करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन.
ग़ाज़ा में विशाल मृतक संख्याअपने प्राणों का बलिदान करने वाले यूएन कर्मचारियों में से 80 मृतक, फ़लस्तीनी शरणार्थियों के लिए यूएन एजेंसी (UNRWA) के साथ ग़ाज़ा पट्टी में सेवारत थे. यूएन प्रमुख ने बताया कि किसी हिंसक टकराव या आपदा के दौरान, संगठन के इतिहास में कभी इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने अपनी जान नहीं गँवाई, जितनी ग़ाज़ा में कर्मचारियों की मौतें हुई हैं. एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि कुछ लोग अपने परिवार के साथ, अपने घरों में या शरण स्थलों में मारे गए. “अन्य की मौत तब हुई जब वे कार्यालयो, आश्रय स्थलों और समुदायों की सेवा के लिए अपना दायित्व निभा रहे थे.”यूएन मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में विश्व भर में शान्तिरक्षा मिशनों में सेवारत कर्मचारियों को भी याद किया गया, जिनमें मध्य अफ़्रीकी गणराज्य (MINUSCA), काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (MONUSCO) और दक्षिण सूडान (UNMISS) समेत अन्य मिशन हैं. बेहतर दुनिया के लिएयूएन प्रमुख ने कहा कि एक ऐसे समय में जब बहुपक्षवाद पर हमले हो रहे हैं और बड़ी ताक़तें यह विश्वास दिलाना चाहती हैं कि संयुक्त राष्ट्र, एकता की भावना केवल एक कोरी-कल्पना है, हम जिन लोगों को आज याद कर रहे हैं, वो कुछ और ही साबित करते हैं.“आपने हमारी दुनिया को एक बेहतर स्थान बनाया.”वर्ष 2011 के बाद से अब तक, यूएन महासचिव ने न्यूयॉर्क में इस वार्षिक स्मरण कार्यक्रम में शिरकत की है, जिसके अन्तर्गत अब तक 168 यूएन कर्मचारियों व शान्तिरक्षकों को याद किया गया है.2024 में, 168 कर्मचारियों व शान्तिरक्षकों की जान गई थी, जबकि 2023 में यह संख्या 188 थी.