Three innocent sisters who came to bathe in the river died due to drowning-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नदी में नहाने उतरी तीन मासूम बहनों की डूबने से मौत

khaskhabar.com: गुरुवार, 09 मई 2024 7:06 PM (IST)
नदी में नहाने उतरी तीन मासूम बहनों की डूबने से मौत
उदयपुर। जिले के सायरा क्षेत्र के मेर गांव की नदी में नहाने के लिए उतरी तीन मासूम बहनों की डूबने से मौत हो गई। इनमें दो सगी बहनें थी, जबकि तीसरी उनकी बुआ की बेटी थी। इस घटना से गांव में शोक की लहर छा गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाले तथा पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिए। घटना उदयपुर जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर सायरा इलाके के गांव मेर में मंगलवार शाम को हुई। किन्तु इसका खुलासा बुधवार को हो पाया। गांव के ओमप्रकाश गरासिया के तीन बेटियां है। जिनमें से छोटी बेटी मां के साथ खेत पर थी, जबकि अन्य दो बेटियां, जिनमें चार वर्षीया रीना व ढाई वर्षीया सविता अपनी बुआ प्यारी बाई की चार वर्षीया जलन पुत्री करमाराम गरासिया घर पर थी। मासूम जलन तीन किमी दूर अपने घर से यहां खेलने आई हुई थी। वार्ड पंच मोतीलाल ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम को तीनों मासूम बहनें घर से नहाने के लिए करीब पांच सौ मीटर दूर नदी किनारे पहुंच गई थीं। संभावना जताई जा रही है कि तीनों बहने नहाने के लिए नदी में उतर गई और डूबने से उनकी मौत हो गई। देर शाम करीब सात बजे वहां से गुजर रहे गांव के मंशाराम ने नदी किनारे बच्चों के कपड़े रखे देख अनहोनी की आशंका जताई जिस पर ग्रामीण और सूचना मिलते ही सायरा थानाधिकारी प्रवीण सिंह मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचे। जहां कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों बहनों के शव नदी से बाहर निकले। सायरा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिए। इस घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए थे और समूचे गांव में शोक छा गया। बताया गया कि ओमप्रकाश के घर में अब सबसे छोटी दुधमुंही बच्ची जीवित रही है। मां के साथ जाने से पता था नदी का रास्ता
ग्रामीणों ने बताया कि यहां लोग प्यास बुझाने और नहाने-धोने के लिए नदी व कुओं पर आश्रित हैं। इस वजह से बच्चियां मां के साथ अकसर पानी लेने व नहाने के लिए नदी पर जाती थी। इसलिए बच्चियों को नदी का रास्ता पता था। मां के खेत पर होने से बच्चियां अकेले ही घर से निकल गई और नदी पर जा पहुंची, जहां से बच्चियां के शव ही घर लौटे। बताया गया कि मृतक बालिकाओं के पिता ओमप्रकाश और करमाराम खेती करते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement