Three-day forensic training program launched for Haryana government lawyers-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:22 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हरियाणा के सरकारी वकीलों के लिए तीन-दिवसीय फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

khaskhabar.com: बुधवार, 17 जुलाई 2024 4:52 PM (IST)
हरियाणा के सरकारी वकीलों के लिए तीन-दिवसीय फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने आज राज्य के सरकारी वकीलों (जिला न्यायवादी और अतिरिक्त जिला न्यायवादी) के लिए अपनी तरह के पहले तीन-दिवसीय प्रशिक्षण का वर्चुअली शुभारम्भ किया। यह प्रशिक्षण शुरू करने का उद्देश्य फारेंसिक विश्लेषण और आपराधिक न्याय प्रदायगी के अन्य पहलुओं पर ध्यान केन्द्रित करना है। गौरतलब है कि गत 29 जून को हरियाणा सरकार और राष्ट्रीय फारेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय, गांधीनगर के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते का उद्देश्य फारेंसिक और अभियोजन प्रशिक्षण, अनुसंधान तथा फोरेंसिक नमूनों के परीक्षण के क्षेत्र में सहयोगात्मक गतिविधियों को बढ़ाना, सुविधाजनक बनाना और मजबूत करना है। इसी कड़ी में आज हिपा, गुरुग्राम में इस कोर्स का शुभारम्भ किया गया है। शुरुआत में 26 जिला न्यायवादी और अतिरिक्त जिला न्यायवादी यह प्रशिक्षण ले रहे हैं। मुख्य सचिव आज यहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा लोक प्रशासन संस्था (हिपा) गुरुग्राम में ट्रेनिंग ले रहे सरकारी वकीलों को संबोधित कर रहे थे।
टीवीएसएन प्रसाद ने हिपा के महानिदेशक को निर्देश दिए कि एनएफएसयू के साथ मिलकर एक मानक पाठ्यक्रम तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण तीन चरणों में दिया जाना चाहिए। कोर्स का पहला चरण हिपा में हो, दूसरा लोक नायक जयप्रकाश नारायण राष्ट्रीय अपराध विज्ञान एवं फोरेंसिक विज्ञान संस्थान (एलएनजेएन-एनआईसीएफएस), रोहिणी, नई दिल्ली तथा तीसरा चरण नेशनल फारेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी, गांधी नगर गुजरात से पूरा करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी गंभीर अपराध में अपराधी को सजा दिलाने में फाॅरेंसिक साइंस की अहम भूमिका होती है। इसलिए सभी पब्लिक प्रोसिक्यूट्र्स के लिए इस कोर्स को करना अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि वे फोरेंसिक साइंसेज में दक्षता हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि गरीब व्यक्ति को न्याय पाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकारी वकील की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे पीड़ित गरीब को न्याय दिलाएं। मुख्य सचिव ने इस बात पर भी बल दिया कि सरकारी कार्यालयों में नियुक्त वकीलों को उनके मौजूदा काम के साथ-साथ आपराधिक मामले भी पैरवी हेतु दिए चाहिए।
हिपा महानिदेशक चन्द्रलेखा मुखर्जी ने कहा कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कई गम्भीर विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें अपराध का पता लगाने में जैविक साक्ष्य, साइबर अपराध और फोरेंसिक में हाल के रुझान, क्राइम सीन मैनेजमेंट, आग्नेयास्त्रों से जुड़े अपराध, सड़क दुर्घटना की जांच, दस्तावेज जांच और स्वीकार्यता तथा फोरेंसिक मनोविज्ञान की भूमिका शामिल हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement