Third All Rajasthan Ijtema of Sunni Daawate Islami in Jaipur complete - message given on education, Islam-e-Muashra and Ishq-e-Rasool.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जयपुर में सुन्नी दावते इस्लामी का तीसरा आल राजस्थान इज्तेमा मुकम्मल — तालीम, इस्लाह-ए-मुआशरा और इश्क-ए-रसूल पर दिया गया पैग़ाम

khaskhabar.com: सोमवार, 27 अक्टूबर 2025 8:53 PM (IST)
जयपुर में सुन्नी दावते इस्लामी का तीसरा आल राजस्थान इज्तेमा मुकम्मल — तालीम, इस्लाह-ए-मुआशरा और इश्क-ए-रसूल पर दिया गया पैग़ाम
जयपुर। करबला मैदान में सुन्नी दावते इस्लामी जयपुर की जानिब से तीसरा आल राजस्थान सुन्नी इज्तेमा रोशन मआहौल में मुकम्मल हुआ। इज्तेमा का आग़ाज़ कुरआन-ए-पाक की तिलावत और नात-ए-रसूल ﷺ से हुआ और इख़्तिताम ख़ुसूसी दुआ के साथ हुआ जिसमें मुल्क, प्रदेश और ख़ास तौर पर जयपुर शहर में अमन-ओ-शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई। इज्तेमा में मुल्क के मुख़्तलिफ़ हिस्सों — महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के अनेकों शहरों से इस्लामी उलेमा, मुफ़्ती और स्कॉलर्स ने शिरकत की। देर रात तक जारी रहे जलसे में हजारों मर्द-ओ-ख़वातीन ने रुहानी माहौल में दीन की बातें सुनीं और नबी-ए-पाक ﷺ की सीरत पर अमल करने का इरादा किया। मुख्य सेशनों में हज़रत मौलाना मुहम्मद शाकिर अली नूरी, मौलाना मुफ़्ती निज़ामुद्दीन, मौलाना सैय्यद अमीनुल क़ादरी, मौलाना सादिक़ रज़वी और हाफ़िज़ अमीन रज़वी ने अपने तक़रीरी ख़ुत्बात पेश किए।
मौलाना सैय्यद मुहम्मद क़ादरी ने अपने बयान में कहा कि “आज मुसलमानों को अपनी फ़ुज़ूल ख़र्ची कम करनी चाहिए और उसी माल को ग़रीबों व यतीमों की तालीम पर खर्च करना चाहिए। इल्म हासिल करना हर मुसलमान पर फ़र्ज़ है, और तालीम ही वो ज़रिया है जो क़ौमों को बुलंदी देता है।”
हाफ़िज़ अल्लाह बख़्श ने दीन की तबलीग़ के अंदाज़ पर रोशनी डाली जबकि मौलाना शाकिर अली नूरी और सैय्यद अमीनुल क़ादरी ने इस्लाह-ए-मुआशरा (सामाजिक सुधार) और इश्क़-ए-रसूल ﷺ पर दिलनशीन बयान पेश किया। इज्तेमा में ख़वातीन के लिए भी पर्दे के लिहाज़ से अलग बैठने की मुनासिब इंतज़ामात किए गए थे।
इस मौके पर हज़रत सय्यद वाहिद हुसैन चिश्ती, मौलाना अबू बकर, मौलाना सलीम अकबरी, मौलाना अंसारुल क़ादरी और मौलाना हाफ़िज़ मोइनुद्दीन रज़वी ने भी अपने बयानात में सूफ़ियाना तालीमात और औलिया-ए-अल्लाह के पैग़ाम-ए-मोहब्बत को आम करने पर ज़ोर दिया।
इज्तेमा की सरपरस्ती मौलाना मुफ़्ती अब्दुस्सत्तार रज़वी ने की, जबकि सदारत मौलाना क़ारी एहतराम आलम के ज़ेरे निगरानी हुई। आला निगरानी आले रसूल अल्हाज मौलाना सैय्यद मुहम्मद क़ादरी ने फरमाई। उन्होंने कहा कि “यह इज्तेमा औलिया-ए-अल्लाह और ख़्वाजा गरीब नवाज़ रहमतुल्लाह अलैह के चाहने वालों का है। यहां सूफ़ी अफ़कार और तालीमात को आम करने का पैग़ाम दिया गया है।”
इज्तेमा के इख़्तिताम पर सलातो-सलाम और ख़ुसूसी दुआ में मुल्क-ए-हिंद की सलामती, अमन-ओ-चैन, इत्तेहाद और खुशहाली की दुआ की गई। उलेमा-ए-किराम ने कहा कि “दीन पर चलते हुए अपनी दुनिया को बेहतर बनाना ही असल कामयाबी है।” उन्होंने नौजवानों से तालीम, अख़लाक़ और मोहब्बत के रास्ते पर चलने की ताकीद की।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement