Advertisement
हरियाणा की राजनीति के रंग हजार, यहां पढ़ें पूरा विश्लेषण

सत्ता की सीढ़ियां चढ़ते दुष्यंत
जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने अपने गठन के ग्यारह महीने के भीतर ही विधानसभा चुनावों में 10 सीटें जीत लीं और भाजपा के साथ गठबंधन बनाते हुए दुष्यंत चौटाला ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले ली । दुष्यंत बड़ी किस्मत वाले हैं । 25 साल के होते ही वे हिसार से सांसद चुन लिए गए थे और अब 31 साल की उम्र में राज्य के उप मुख्यमंत्री भी बन गए । जजपा की इस कामयाबी को देखते हुए राज्य के लोगों ने दुष्यंत को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर देखना शुरु कर दिया है । इसमें कोई शक नहीं है कि दुष्यंत ने बहुत जल्दी कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ी हैं । अगर उन्होंने ठीक से पत्ते खेले तो उन्हें सत्ता की शीर्ष मणि जाने वाली कुर्सी तक पहुंचने में ज्यादा देर नहीं लगेगी ।
एक अकेले अभय चौटाला
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को विधानसभा चुनावों में लोगों ने पूरी तरह से नकार दिया । शिरोमणि अकाली दल के साथ समझौता भी इनेलो के कोई काम नहीं आया । ज्यादातर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के उम्मीदवार लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकृष्ट करने में सफल नहीं हो पाए । पार्टी 90 सीटों में से केवल एक सीट जीत पाई । पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के छोटे बेटे और विपक्ष के नेता रहे अभय सिंह चौटाला ही विधानसभा में पहुंच पाए । पार्टी में फूट के बाद एकदम से इनेलो का ग्राफ इतना क्यों गिरा, इस पर बैठ कर पार्टी नेताओं को विचार करने की जरूरत है, इस पर जल्दी ही मंथन किया जाएगा और मंथन होना भी चाहिए ।
भाग्यशाली है देवीलाल परिवार
राजनीति में पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. देवीलाल का परिवार सबसे ज्यादा भाग्यशाली है. इस परिवार से चार लोग चुन कर विधानसभा में पहुंचे हैं । देवीलाल के मंझले बेटे रणजीत सिंह बतौर आज़ाद उम्मीदवार रानियां, पोते अभय सिंह चौटाला इनेलो से ऐलनाबाद, पोते अजय सिंह चौटाला की पत्नी नैना चौटाला जजपा से बाढड़ा और पड़पोते दुष्यंत चौटाला भी जजपा के टिकट पर उचनाकलां क्षेत्र से चुनाव जीते हैं । इसके अलावा देवीलाल के सबसे छोटे बेटे स्व. जगदीश के बेटे आदित्य देवीलाल ने भाजपा के टिकट पर डबवाली से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए । आदित्य को मात देने वाले भी देवीलाल के नजदीकी डॉ. केवी सिंह के बेटे अमित सिहाग हैं, जो कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर पहली बार मैदान में उतरे थे ।
पुंडरी फिर आज़ाद के नाम
हरियाणा में कैथल जिले के पुंडरी क्षेत्र ने एक बार फिर आज़ाद उम्मीदवार को ही चुना है. पिछले 25 साल से यहां के लोग किसी पार्टी के उम्मीदवार को जिताने के बजाये हर बार आज़ाद उम्मीदवार को ही विधानसभा में भेजते आ रहे हैं. 1996 में नरेंद्र शर्मा, 2000 में तेजवीर सिंह, 2005 में दिनेश कौशिक, 2009 में सुल्तान सिंह जडौला, 2014 में दिनेश कौशिक और अब 2019 में रणधीर गोलन को चुन लिया. जब भी कोई आज़ाद उम्मीदवार चुनाव जीत कर किसी पार्टी के टिकट पर मैदान में उतरता है, लोग उसे हरा देते हैं. राजनीतिक पार्टियां पिछले 25 साल से पुंडरी क्षेत्र का चुनावी गणित समझने में नाकाम रही हैं ।
कांडा पर केस बना कांटा
सिरसा से चुनाव जीते पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के राजनीतिक सफर में पर गीतिका शर्मा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला कांटा बन कर चुभ रहा है. हुड्डा सरकार के दौरान इस मामले में उन्हें न केवल मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था, बल्कि जेल की हवा भी खानी पड़ी थी. करीब दस साल बाद कांडा एक बार फिर किंगमेकर की भूमिका में नजर आ रहे थे. बहुमत से पांच कदम दूर रह गई भाजपा को सत्ता में लाने के लिए कांडा कई आज़ाद विधायकों को साथ लेकर दिल्ली पहुंच गए थे, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती के एक ट्वीट ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया. उमा भारती ने कहा, 'चुनाव जीतने का मतलब अपराध मुक्त होना नहीं है.' इसके बाद भाजपा ने कांडा का समर्थन लेने से इनकार कर दिया. इसके साथ ही कांडा के मंत्री बनने के सपने बिखर गए.
धारणा वित्त मंत्री की कुर्सी की
हरियाणा में ऐसी धारणा है कि जो भी वित्त मंत्री बनता है, अगला चुनाव नहीं जीत पाता. खट्टर सरकार में वित्त मंत्री की कैप्टन अभिमन्यु के पास थी. उनके पास और भी कई महकमे थे. राज्य में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बाद भले ही वरिष्ठता के हिसाब से रामबिलास शर्मा की गिनती होती हो, लेकिन कैप्टन सबसे ज्यादा शक्तिशाली मंत्री माने जाते थे. ऐसा माना जाता था कि अगर मुख्यमंत्री के बाद किसी की चलती है तो कैप्टन की. पांच बार चुनाव जीतने के बावजूद मंत्रिमंडल में अनिल विज का स्थान पांचवां था. विज इस बात को लेकर नाखुश भी थे. जब विधानसभा चुनावों की घोषणा हुई तो राजनीतिक विश्लेषकों को शुरु से ही कैप्टन का विधानसभा में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा था और परिणाम सचमुच उनके खिलाफ गया. अब यह धारणा और पक्की हो गई है कि किसी भी वित्त मंत्री के लिए अगला चुनाव जीत पाना असंभव होता है ।
भाजपा का गलत आकलन
सत्तारूढ़ पार्टी का आकलन भी कई बार गलत साबित हो जाता है. भाजपा ने पुंडरी से रणधीर गोलन, महम से बलराज कुंडू, दादरी से सोमवीर सांगवान, नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और पृथला से नयनपाल रावत को टिकट नहीं दिया. भाजपा ने इन्हें जिताऊ उम्मीदवार नहीं माना. टिकट नहीं मिलने पर यह सब बागी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे और जीते भी गए. उधर, भाजपा जब भाजपा बहुमत से पांच कदम दूर रह गई तो इन्हें अपनी तरफ आने का बुलावा भेज दिया. पुरानी बातों को भुलाते हुए यह पांचों आज़ाद विधायक भी भाजपा से गलबहियां करने को फ़ौरन तैयार हो गए. एक तरह से इन्होने एक बार फिर उस कहावत को सही सिद्ध कर दिया कि राजनीति में न कोई किसी का स्थाई दोस्त है और न स्थाई दुश्मन. जो भी रिश्ते हैं बनते हैं, जरूरत के हिसाब से बनते हैं.
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
चंडीगढ़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


