लोडिंग गाड़ी की टक्कर से टैम्पो पलटा, सवारियां घायल
khaskhabar.com: बुधवार, 29 मार्च 2017 7:54 PM (IST)
धौलपुर। जिले के बाड़ी-करौली हाईवे संख्या 11-बी पर सरानी खेड़ा गांव के पास सवारियों से भरे एक टैम्पो को लोडिंग गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में टैम्पो सडक़ से नीचे उतरकर खेतों में पलट गया। हादसे में आधा दर्जन सवारियां घायल हो गई। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने सभी घायलों को डॉ. मंगल सिंह चिकित्सालय में भर्ती कराया। दुर्घटना उस समय हुई जब टैम्पो सवारियां लेकर धौलपुर से सरानीखेड़ा गांव जा रहा था। हाईवे पर पीछे से आ रही लोडिंग गाडी ने टैम्पो को टक्कर मार दी। हादसे को देख घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से डॉ. मंगल सिंह चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां तीन सवारियों की अधिक चोट आने पर नाजुक हालत बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।