बाड़मेर। प्रतियोगिताओं से प्रतिभाओं में निखार आता है। बच्चे तो कच्ची माटी की तरह होते हैं, उन्हें जो रूप देना हो दिया जा सकता है। भारत विकास परिषद विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं व कार्यक्रमों का आयोजन कर देश विकास में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
यह बात मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओ.पी.विश्नोई ने रविवार को भारत विकास परिषद के राजस्थान पश्चिम प्रांत की विभिन्न शाखाओं का प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान, संस्कृत समूह गान एवं लोक गीत प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में कही। उन्होंने भामाशाहों की तारीफ करते हुए कहा कि धन का सदुपयोग करने में क्षेत्र के भामाशाह जागरूक हैं। विशिष्ट अतिथि वी.एल.कुमावत ने भारत विकास परिषद को भारत की एकता, अखंडता को मजबूती देने का महत्वपूर्ण प्रकल्प बताया। कार्यक्रम अध्यक्ष राष्ट्रीय मंत्री (मध्यप्रदेश) डी.डी.शर्मा ने कहा कि परिषद संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा समर्पण, बंधुत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। प्रांतीय अध्यक्ष अनिल चौरडिय़ा ने कहा कि परिषद आने वाले समय में जन सेवा व बालक-बालिकाओं के विकास के लिए और अधिक कदम उठाएगी। शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश मेहता व सचिव किशोर कुमार शर्मा ने परिषद द्वारा किए गए कार्यों व भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।