Statement by CM Jairam Thakur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हज़ार गीदड़ मिलकर भी शेर को नहीं हरा सकते- जयराम ठाकुर

khaskhabar.com: सोमवार, 13 मई 2019 5:41 PM (IST)
हज़ार गीदड़ मिलकर भी शेर को नहीं हरा सकते- जयराम ठाकुर
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हजार गीदड़ इकट्ठे होकर शेर को घेर तो सकते हैं मगर हरा नहीं सकते। उन्होंने कहा कि विपक्ष का बेमेल गठबंधन दरअसल गीदड़ों का जमावड़ा है जिसके पास देशवासियों की भलाई का कोई विजन नहीं है। उसका इकलौता एजेंडा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता से हटाना है। जबकि मोदी के पांच साल के कार्याें ने जनता का दिल जीत लिया है। लोगों को विश्वास हो गया है कि विपक्षी जमावड़ा सत्ता के पास पहुंचने तक का आंकड़ा किसी भी हालत में नहीं जुटा सकता। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपस में रोज़ झगड़ने वाले विपक्षी नेता 23 मई तक खुद को भावी प्रधानमंत्री मान सकते हैं। कई ने तो नए सूट भी सिलवा लिए हैं। लेकिन 23 मई को ईवीएम से नतीजों का पिटारा खुलने के बाद उन्हें ख्वाब और हकीकत में फर्क पता चल जाएगा। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद देश को मोदी के रूप में सबसे मजबूत प्रधानमंत्री मिला। मोदी ने देश के भीतर आतंकवादियों और माओवादियों के सफाए में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में जिहादी आतंकवादियों की कमर तोड़ दी। सीमा पार से पाकिस्तान घुसपैठ और गोला-बारी का जिस तरह से जवाब मोदी सरकार ने दिया, वैसा कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार ने कभी नहीं दिया था। पाकिस्तान में धुसकर आतंकवादियों के अड्ड़ों को तबाह करने का साहस भी सिर्फ मोदी सरकार ही दिखा सकती थी। उनका कहना है कि मोदी के दिल में समाज के सबसे कमजोर वर्ग के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। इसीलिए उन्होंने गरीबों के विकास की अनेक नई योजनाएं चलाई और उनकी निगरानी के लिए खास टीमें तैनात की। भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी के अभियान की दुनियाभर में प्रशंसा हुई और उसके नतीजे भी सामने आने लगे हैं। विपक्ष को तकलीफ यह है कि नोटबंदी ने उसका हजारों करोड़ का काला धन नाली में बहा दिया। फर्जी कंपनियों के सहारे समान्तर अर्थव्यवस्था चला रहे भ्रष्टाचारी भी पकड़ में आ गए क्योंकि उनकी कंपनियों पर ताला पड़ गया। ऐसे में विपक्ष के पास मोदी को गालियां देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement