चंडीगढ़। वित मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है की हरियाणा सरकार सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को जल्द से लागू करने जा रही है और शीघ्र ही इसकी प्रक्रिया प्रारंभ होंगी। चण्डीगढ़ में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद कैप्टन अभिमन्यु ने बताया की स्वर्ण जयंती वर्ष में हरियाणा सरकार को प्रदेश की 2 करोड़ 50 लाख जनता की सेवा करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार हरियाणा को एक नया आयाम देने के लिये वचनबद्ध है। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है की शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सूचना का आदान प्रदान हो सके इसके लिये प्रदेश सरकार ने 1487 सूचना प्रबंधकों के पदों को स्वीकृति प्रदान की है। चण्डीगढ़ में कल शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नाम पर बोलते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा की यह विवाद का विषय नहीं है और हर चीज में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट से सभी को लाभ होगा। उन्होंने कहा की इस हवाई अड्डे के नाम के बारे में मुख्य मंत्री मनोहर लाल ने पत्र लिख अपनी भावनाओं के बारे में पंजाब को अवगत करा दिया है। आंगनवाड़ी वर्कर भर्ती घोटाले में अधिकारियों को चार्जशीट किये जाने पर मंत्री ने कहा कि किसी भी अधिकारी के खिलाफ पूर्वाग्रह के चलते कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा की इस मामले में जो भी सुबूत सामने आये हैं उनके आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है।