Sri Ganganagar: Adulterated food items exposed, health at risk-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:30 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

श्रीगंगानगर : मिलावटी खाद्य पदार्थों का पर्दाफाश, स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा

khaskhabar.com: रविवार, 09 फ़रवरी 2025 1:55 PM (IST)
श्रीगंगानगर : मिलावटी खाद्य पदार्थों का पर्दाफाश, स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती के बाद मिठाइयों और किराने की दुकानों पर बड़े पैमाने पर मिलावटी और अनसेफ उत्पाद पाए गए। जांच में खुलासा हुआ कि कई प्रतिष्ठानों पर बेचे जा रहे खाद्य पदार्थ न केवल मानकों पर खरे नहीं उतरे, बल्कि इनमें स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाले तत्व भी मौजूद थे। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच में गोल बाजार स्थित श्री श्याम रबड़ी फलूदा रबड़ी कुल्फी का गाजर पाक अनसेफ पाया गया है, यानी यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसी तरह पुरानी आबादी स्थित गौरव ट्रेडिंग कंपनी की डोरा मिश्री और केसरीसिंहपुर की मीत डेयरी एंड फीड स्टोर का देशी घी सब स्टैंडर्ड पाया गया। इसके अलावा, सेतिया कॉलोनी की संगम द स्वीट शॉप के बेसन बूंदी लड्डू, गोल बाजार की सरदार जी जलेबी वाले की जलेबी, विनोबा मार्केट स्थित अमृत डेयरी का खुला घी, टावर रोड की गणेश किरयाना स्टोर का घी और श्रीकरणपुर मार्ग के एचआर बर्फी हाउस के बेसन बूंदी लड्डू भी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. पवन सैनी ने चेतावनी दी कि मिलावटी घी में वनस्पति तेल, एनिमल फैट और हाइड्रोजनेटेड ऑयल मिलाया जाता है, जो हार्ट फेल और किडनी डैमेज का कारण बन सकता है। इसके अलावा, केमिकल और भारी धातुओं की मिलावट से कैंसर जैसी घातक बीमारियों की आशंका भी बढ़ जाती है।
सीओआईईसी विनोद बिश्नोई ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति मिलावटी, अशुद्ध या एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना देना चाहता है, तो वह जिला स्तरीय व्हाट्सएप नंबर 93515-04313, राज्य स्तरीय नंबर 94628-19999 या 181 पर शिकायत दर्ज कर सकता है।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 59 के तहत अनसेफ खाद्य पदार्थ बेचने पर छह माह से आजीवन कारावास और 1 से 10 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं, सब-स्टैंडर्ड खाद्य पदार्थों पर धारा 51 के तहत अधिकतम 5 लाख रुपए तक का जुर्माना लग सकता है।
फूड इंस्पेक्टर कंवर पाल सिंह, हेतराम खुड़िया और हंसराज गोदारा द्वारा लिए गए सैंपल अब जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। एक से दो सप्ताह में रिपोर्ट आने के बाद दोषी दुकानदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। आम जनता को भी जागरूक रहना होगा और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत प्रशासन को देनी होगी, ताकि इस गंभीर समस्या से निपटा जा सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement