Shakir Deshwali Murder Case Solved in Jaipur: Two Prime Accused Arrested in Forest-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जयपुर में शाकिर देशवाली मर्डर केस का पर्दाफाश : जंगल में छिपे 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भागते वक्त खाई में गिरे, पुलिस ने कराई मौका परेड

khaskhabar.com: शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 10:13 AM (IST)
जयपुर में शाकिर देशवाली मर्डर केस का पर्दाफाश : जंगल में छिपे 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भागते वक्त खाई में गिरे, पुलिस ने कराई मौका परेड
जयपुर। राजधानी के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित शाकिर देशवाली हत्याकांड में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने हत्या की मुख्य वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी रफीक शाह उर्फ बकरी चोर और मोहम्मद हारून उर्फ भूरिया को रात के समय जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया। भागने के प्रयास में दोनों आरोपी गहरी खाई में गिरकर घायल हो गए, जिन्हें कांवटिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद पुलिस ने रिमांड पर लिया। गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों की घटनास्थल पर मौका परेड भी करवाई। समझौते के बहाने बुलाकर चाकुओं से गोदा, भाई की हुई मौत विवाद की पृष्ठभूमि: विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन सिंह के अनुसार, परिवादी कय्यूम और रफीक उर्फ बकरी चोर के बीच शास्त्री नगर में पानी की टंकी के पास पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
हमला और हत्या: 24 अगस्त को कय्यूम को समझौते के बहाने बुलाया गया। वहां विवाद बढ़ने पर कय्यूम ने अपने भाई शाकिर को मौके पर बुला लिया। शाकिर के पहुंचते ही रफीक उर्फ बकरी चोर ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जबकि हारून ने कय्यूम पर चाकू से वार किए। शाकिर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
रात में जंगल को घेरा, खाई में गिरकर लंगड़ाए बदमाश
सर्च ऑपरेशन: तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी पापड़ हनुमानजी मंदिर के पीछे जंगलों में छिपे हुए हैं। पुलिस ने देर रात पूरे जंगल को चारों तरफ से घेर लिया।
खाई में गिरे आरोपी: खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे में वे गहरी खाई में गिर पड़े जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं।
मौका परेड: अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया और गुरुवार को घटनास्थल पर मौका परेड कराई, जहां दोनों बदमाश लंगड़ाते हुए चलते नजर आए।
तीन आरोपी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार, रफीक का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पूर्व में 3 गिरफ्तारियां: पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इनपुट के आधार पर 25 अगस्त को साजिश में शामिल मोहम्मद फरीद उर्फ फदु चाचा, शाहरुख और दिलशाद उर्फ ढिल्लू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
शातिर बदमाश है रफीक: मुख्य आरोपी रफीक शाह उर्फ बकरी चोर के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में हत्या (धारा 302), लूट, मारपीट और आरपीजीओ (RPGO) के तहत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब दोनों मुख्य आरोपियों से रिमांड के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार और पूरे षड्यंत्र के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement